छात्रा से छेड़छाड़ व अपहरण के प्रयास का आरोपी दबोचा
गाजियाबाद में एक इंटर की छात्रा का पीछा कर छेड़छाड़ करने और उसे अगवा करने का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। घटना 6 फरवरी को हुई थी। छात्रा ने दहशत में आकर स्कूल जाना छोड़ दिया।...

गाजियाबाद। सिहानी गेट पुलिस ने इंटर की छात्रा का पीछा कर छेड़छाड़ करने तथा उसे अगवा करने का प्रयास करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना छह फरवरी को हुई थी। जिसके बाद दहशत में आई छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। पता लगने पर छात्रा के पिता ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। सीसीटीवी कैमरे में गाड़ी का नंबर मिलने पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया। नंदग्राम में रहने वाले व्यक्ति ने सिहानी गेट थाने में केस दर्ज कराया था कि उनकी बेटी लोहियानगर स्थित स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। छह फरवरी की सुबह करीब आठ बजे वह स्कूल के पास पहुंची थी। इस दौरान एक कार ने उनकी बेटी का पीछा किया। बेटी को मंशा गलत लगी तो वह बचने के लिए इधर-उधर भागने लगी। आरोप है कि इस दौरान कार सवार भी उसका पीछा करने लगा। आरोपी चालक ने गालियां देते हुए उनकी बेटी को कार में खींचने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी धमकाने लगा तो बेटी ने आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। मनोज कुमार का कहना है कि साहस दिखाते हुए उनकी बेटी ने ईंट उठाई और कार सवार की तरफ दौड़ी। इससे आरोपी हड़बड़ाहट में कार लेकर फरार हो गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक उनकी बेटी दहशत में आ गई और स्कूल जाना बंद कर दिया। कई दिन स्कूल न जाने का कारण पूछा तो उसने घटना बताई, जिसके बाद सिहानी गेट थाने में केस दर्ज कराया। एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे में गाड़ी का नंबर कैद मिला। उसकी मदद से आरोपी की पहचान मुरादनगर थानाक्षेत्र के गांव धेता मोहम्मदपुर निवासी अरविंद के रूप में हुई। शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।