समस्या : शालीमार गार्डन में नाली ओवरफ्लो होने से गलियों में भरा गंदा पानी
शालीमार गार्डन मेन के ए ब्लॉक में नालियों के चोक होने से गंदगी बढ़ रही है। नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों और घरों में भरने लगा है। स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद ने...

ट्रांस हिंडन, संवाददाता। शालीमार गार्डन मेन के ए ब्लॉक में नाली चोक होने से गंदगी बढ़ रही है। मुख्य मार्ग की नालियों पर पानी का दबाव ज्यादा होने से ओवरफ्लो होकर सड़क पर जमा हो रहा है। इस कारण लोगों को घर से निकलने में मशक्कत करनी पड़ रही है। शालीमार गार्डन मेन में करीब 500 परिवार रहते हैं। लोगों का कहना है कि यहां पर गलियों की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। नालियां चोक हैं। इससे पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में भरने लगता है। स्थानीय निवासी संजय कुमार ने बताया कि रोजाना सुबह ऑफिस जाते समय कपड़े खराब हो जाते हैं। नाली का पानी सड़क के बाद अब घरों में आने लगा है। इससे बचने के लिए गाड़ी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। स्थानीय पार्षद रवि भाटी ने बताया कि 10 दिन से नालियों की साफ सफाई नहीं हुई है। कुछ दिन पहले आई आंधी बारिश से नालियों में कागज, पन्नी उड़ कर आ गिरे। इससे नालियों की स्थिति और भी खराब हो गई है। मोहननगर के जोनल प्रभारी आरपी सिंह का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई कराई जा रही है। यहां की समस्या का संज्ञान ले लिया है। टीम भेजकर लोगों की समस्या दूर कराई जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।