Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsArchery Training Delayed at Mahamaya Sports Stadium Ghaziabad

महामाया स्टेडियम में तीरंदाजी के खेल की नहीं हो सकी शुरुआत

गाजियाबाद के महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीरंदाजी का खेल 15 अप्रैल से शुरू होने वाला था, लेकिन अभी तक अभ्यास की सुविधा नहीं मिली है। खिलाड़ी अभ्यास के लिए दिल्ली जाने को मजबूर हैं। जिला खेल विभाग...

Newswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबादWed, 30 April 2025 05:41 PM
share Share
Follow Us on
महामाया स्टेडियम में तीरंदाजी के खेल की नहीं हो सकी शुरुआत

गाजियाबाद। शहर के महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीरंदाजी के खेल की शुरुआत नहीं हो पाई है। इस खेल की स्टेडियम में शुरुआत 15 अप्रैल से होनी थी, लेकिन अब तक अभ्यास की सुविधा नहीं होने से इस खेल से जुड़े खिलाड़ियों का अभ्यास करने का इंतजार बढ़ गया है। शहर के एकमात्र सरकारी महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में कुछ माह पहले तीरंदाजी की स्टेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई थी। इस सीनियर स्तर की प्रतियोगिता में जिले के करीब 15 खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया था और शानदार प्रदर्शन किया था। इस प्रतियोगिता के बाद स्थानीय खिलाड़ियों ने महामाया स्टेडियम में तीरंदाजी के खेल की शुरुआत करने की मांग की थी। ताकि उन्हें नियमित अभ्यास करने के लिए बेहतर स्थान मिल सके। इसके बाद जिला खेल विभाग ने तीरंदाजी के खेल को शुरू करने को लेकर योजना बनाई थी। इसके बाद सभी आवश्यक संसाधनों के साथ 15 अप्रैल से इस खेल की स्टेडियम में शुरुआत होनी थी। लेकिन अभी तक स्टेडियम में इसकी शुरुआत नहीं हो पाई है। जिससे इस खेल से जुड़े खिलाड़ियों को यहां अभ्यास करने के लिए और इंतजार करना पड़ेगा। जिला उप खेल क्रीड़ाधिकारी पूनम बिश्नोई ने बताया कि तीरंदाजी के खेल को जल्द से जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही इस खेल की स्टेडियम में शुरुआत हो जाएगी। इस खेल से जुड़े सभी संसाधन स्टेडियम में उपलब्ध है। इसके शुरू होने से बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ियों को लाभ होगा।

अभी दिल्ली की तरफ अभ्यास करने के लिए जाना पड़ता

शहर में अभी सरकारी स्तर पर इस खेल के अभ्यास की सुविधा नहीं है। वहीं निजी एकेडमी भी ना के बराबर है। इसकी वजह से इस खेल से जुड़े खिलाड़ियों को इसका अभ्यास करने के लिए दिल्ली जाना पड़ता है। जिसमें समय के अतिरिक्त धन भी लगता है। वहीं कई स्टेट खिलाड़ी हरियाणा में अभ्यास करते हैं।

महामाया स्टेडियम में इस खेल की सुविधा होने से काफी लाभ होगा

शहर के सरकारी स्टेडियम में इस खेल की सुविधा होने से खिलाड़ियों को काफी लाभ होगा। उन्हें कम फीस में ही अभ्यास की सुविधा मिलेगी। इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ी खुद को बड़ी प्रतियोगिता के लिए तैयार कर सकेंगे वही स्टेडियम के आसपास मेट्रो एवं रैपिड रेल होने से भी खिलाड़ी यहां आसानी से पहुंच सकेंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें