नगर निगम में मेयर के लिए कार्यालय बन रहा पर पार्षदों के बैठने की जगह नहीं
फरीदाबाद नगर निगम में पार्षदों के बैठने की व्यवस्था नहीं हो पाई है। मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालय तैयार हैं, लेकिन पार्षदों के लिए कोई विशेष स्थान नहीं है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत कमांड कंट्रोल...

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के बैठने के लिए तो कार्यालय तैयार हो गए हैं। परंतु, अभी तक पार्षदों के बैठने के लिए किसी कार्यालय को संवारने का काम होता नजर नहीं आ रहा है। जहां पहले जहां पार्षद बैठते थे, वहां अब नागरिक सुविधा केंद्र संचालित हो रहा है। इसके अलावा, स्मार्ट सिटी योजना के तहत बनाए जा रहे इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम के कारण नगर निगम का पूरा व्यवस्थागत ढांचा गड़बड़ा गया है। नगर निगम ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम के लिए जगह दी है, जिससे कई विभागों के दफ्तरों को दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा है। जहां यह कमांड कंट्रोल रूम बन रहा है, वहां पहले सर्वे, तोड़फोड़ और मैकेनिकल विभाग के अधिकारी बैठते थे। अब इन अधिकारियों को नगर निगम के पुराने और जर्जर हो चुके सभागार में स्थानांतरित किया गया है। कुछ को आजादी के समय बने टीन शेड में बैठने के लिए मजबूर किया गया है।
समय रहते नहीं बनी नई व्यवस्था
नगर निगम प्रशासन को पहले से पता था कि इस बार पार्षदों की संख्या 40 से बढ़कर 46 हो जाएगी, लेकिन इसके बावजूद बैठने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। 2008 में मेयर कार्यालय के साथ ही पार्षदों के लिए एक हॉल बनाया गया था, लेकिन अब वह अन्य कार्यों के लिए उपयोग हो रहा है।
अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त भी टीन शेड में बैठेंगे
नगर निगम में जगह की कमी के कारण केवल पार्षद ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ अधिकारी भी असुविधा झेल रहे हैं। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त, संयुक्त आयुक्त को भी टीन से बने हाल में बैठने के लिए कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं।
पहले ये अधिकारी मेयर, वरिष्ठ डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के दफ्तरों में बैठते थे, लेकिन अब उनके लिए भी अलग से जगह नहीं बची है।
मुख्यालय का निर्माण अधूरा
नगर निगम मुख्यालय सेक्टर-12 में बनाया जा रहा है, लेकिन इसका काम अभी तक अधूरा है। इस नए भवन का ढांचा तक पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि नगर निगम प्रशासन कब तक अधिकारियों और पार्षदों के बैठने की उचित व्यवस्था कर पाएगा। जब तक मुख्यालय तैयार नहीं हो जाता, तब तक नगर निगम में अव्यवस्था बनी रहने की आशंका है।
पार्षदों के बैठने के लिए भी व्यवस्था कर दी गई है। पार्षदों के लिए हॉल होगा। वहीं नगर निगम मुख्यालय में सभागार भी है। नगर निगम मुख्यालय काफी पुराना हो चुका है। इस वजह से भवनों की कमी है।
- नितिन कादियान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।