स्मार्ट सिटी में यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे ऑटो चालक
कोरोना काल के बाद ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। इसे लेकर आए दिन सवारियों के साथ किराए को लेकर कहासुनी होती रहती है। किराया बढ़ौतरी को लेकर...
कोरोना काल के बाद ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। इसे लेकर आए दिन सवारियों के साथ किराए को लेकर कहासुनी होती रहती है। किराया बढ़ौतरी को लेकर जिला प्रशासन के पास भी कोई सूचना नहीं है। इससे दैनिक यात्री काफी परेशान है। एक ही रूट पर अलग-अलग ऑटो चालकों का किराया अलग-अलग है। इससे लोगों पर किराए का अधिक बोझ़ बढ़ गया है।
निर्धारित सवारियां बिठाने की अनुमति देकर शुरू करे गए थे ऑटो
लॉक डाउन के बाद कोरोना से बचाव रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से शहर में ऑटो चलाने से पहले उनके लिए नियम तय किए गए। इसके तहत सीएनजी ऑटो में तीन व डीजल ऑटो में पांच सवारियां बिठाने की अनुमति दी गई। इसके चलते ऑटो चालकों ने अपनी मजबूरी गिनाते हुए किराया भी अधिक वसूलना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि एक चक्कर में तीन सवारियां बिठाने से उनका खर्चा भी नहीं निकल पाता है। इस कारण किराया बढ़ना उनकी मजबूरी है। लेकिन अब आवागमन शुरू होने के साथ ही ऑटो में खचाखच सवारियां बिठानी शुरू कर दी गई। सीएनजी ऑटो में अब 6-6 सवारियां बिठाई जाने लगी। जबकि डीजल ऑटो में कहीं अधिक सवारियां बिठाई जाने लगी। लेकिन किराया कम नहीं किया। जबकि कुछ ऑटो चालकों ने अभी तक अपना किराया नहीं बढ़ाया है।
हिन्दुस्तान ने इस बारे में करीब 10 ऑटो चालकों से बात की। जिन्होंने एक स्थान का किराया भी अलग-अलग बताया। एक ऑटो चालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बदरपुर बॉर्डर से बल्लभगढ़ के बीच किराया भी अलग अलग है। बल्लभगढ़ से बादशाह खान अस्पताल तक जाने के लिए पहले किराया 10 रुपये वसूला जाता था, लेकिन अब कुछ ऑटो वाले यहां तक का किराया 20 रुपये वसूल रहे हैं। गुलाब सिंह ने बताया कि उसे प्रतिदिन बीके चौक तक जाना होता है। अगर बल्लभगढ़ स्टैंड से वह बीके जाने के लिए बैठता है तो उसे 20 रुपये देने होते हैं। अगर वह रास्ते से कोई ऑटो पकड़ता है तो उससे मात्र 10 रुपये वसूले जाते हैं। इसी तरह बदरपुर बॉर्डर के अलावा ओल्ड फरीदाबाद समेत, सेक्टर-7, सेक्टर-8 जाने के लिए भी अलग-अलग किराया वसूला जाता है। महिला राजकुमारी ने बताया कि वह सेक्टर-8 में ट्रैनिंग करने जाती है। जहां किराए को लेकर उसकी किसी न किसी दिन ऑटो चालको से बहस होती है। इसलिए वह बैठने से पहले किराया पूछकर बैठती हैं,इसके बाद ही वे ऑटो पकड़ती हैं।
क्या कहते हैं स्टैंड से चलने वाले ऑटो चालक
बल्लभगढ़ स्टैंड से चलने वाले ऑटो चालक मदनलाल, खुर्शीद व सुंदरलाल ने माना कि कुछ ऑटो चालक कम किराया वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके यहां से जो ऑटो चलते हैं, उसमें सवार होने वाले यात्रियों की पूरी तरह सुरक्षा का ख्याल रखा जाता है। अगर किसी यात्री का कोई सामान भी ऑटो में छूट जाता है तो वह भी उनके यहां सुरक्षित मिलता है। इसलिए उनके यहां से जो भी ऑटो चलता है, उनमें सवार होने वाले से निर्धारित किराया वसूला जाता है। बीके जाने वालों से यहां से 20 रुपये ही वसूला जाता है।यातायात थाना प्रभारी राजीव कुमार: अभी तक उन्हें इस बारे में पता नहीं है। वह मंगलवार को इस बारे में जानकारी जुटाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।