Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Delhi records minimum temp 19.5 degrees C, warmest February night in 74 years

दिल्ली में गुरुवार को गर्मी ने तोड़ा 74 साल का रिकॉर्ड; शुक्रवार को मिलेगी राहत, आंधी व बारिश की संभावना

  • दिल्ली में गुरुवार को बादल छाए रहे, और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि बीते दिन के मुकाबले 7.4 डिग्री कम था। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Sourabh Jain पीटीआई, नई दिल्लीThu, 27 Feb 2025 09:47 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में गुरुवार को गर्मी ने तोड़ा 74 साल का रिकॉर्ड; शुक्रवार को मिलेगी राहत, आंधी व बारिश की संभावना

दिल्ली में इस साल फरवरी में इतनी ज्यादा गर्मी पड़ रही है कि न्यूनतम तापमान के मामले में बीते 74 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। इस दौरान गुरुवार को सफदरजंग इलाके में 19.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो कि साल 1951 के बाद से लेकर अबतक इस महीने में दर्ज किया गया सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो बीते दिन के मुकाबले इसमें आज करीब साढ़े सात डिग्री की बड़ी गिरावट देखी गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली में बारिश के साथ आंधी की भविष्यवाणी की है, जिसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आने की उम्मीद है।

शहर में इस महीने पड़ी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बारे में जानकारी देते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि 'आज 27 फरवरी 2025 को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 1951 और 2025 के बीच सफदरजंक में फरवरी में दर्ज किया गया अबतक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है।' साथ ही IMD ने यह भी बताया कि विभाग के पास 1951 से पहले डेटा उपलब्ध नहीं है। वरना यह रिकॉर्ड कहीं ज्यादा हो सकता था।

इससे पहले अबतक फरवरी महीने में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड 25 फरवरी, 2015 को बना था, तब न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि अब यह दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।

एक दिन पहले के मुकाबले 7.4 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान

उधर गुरुवार को दिल्ली में बादल छाए रहे, जिसके चलते शहर का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य औसत से 1.1 डिग्री कम है। जबकि बीते दिन के मुकाबले गुरुवार को अधिकतम तापमान में 7.4 डिग्री सेल्सियस की जबरदस्त गिरावट देखी गई। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मार्च के पहले हफ्ते में आएगा नया पश्चिमी विक्षोभ

इस बारे में जानकारी देते हुए स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि राजधानी में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी के कारण 27 फरवरी से न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट आने की उम्मीद है और 3 से 4 मार्च तक यह स्थिर रहेगा। उन्होंने बताया कि मार्च के पहले सप्ताह में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) आने की उम्मीद है, जो पहाड़ियों में बर्फबारी के साथ हवा के रुख को भी बदल देगा।

साथ ही उन्होंने बताया कि 10 मार्च के आसपास दिल्ली में सर्दी का मौसम खत्म हो जाएगा और इसके बाद वायुमंडलीय दबाव फिर से बढ़ना शुरू हो जाएगा, जिसके चलते तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी।

शुक्रवार को शहर में आंधी के साथ हो सकती है बारिश

इसके अलावा मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली में बारिश के साथ आंधी की भविष्यवाणी की है, जिसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

उधर शहर में प्रदूषण के स्तर की बात करें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में शाम 4 बजे AQI रीडिंग 215 दर्ज की गई। ऐसे में 24 घंटे की औसत वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

उधर दिल्ली में बीते 74 सालों के दौरान अलग-अलग समय पर दर्ज 5 सबसे अधिक न्यूनतम तापमान की बात करें तो 27 फरवरी 2025 को 19.5 डिग्री, 25 फरवरी, 2015 को 19 डिग्री, साल 1973 में 18.6 डिग्री सेल्सियस, 20 फरवरी 2015 में 18.5 डिग्री सेल्सियस, 1992 में 18.2 डिग्री सेल्सियस और 1988 में 18 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

अगला लेखऐप पर पढ़ें