दिल्ली में पकड़ी गईं 2 बांग्लादेशी महिलाएं, बदल रही थीं बार-बार ठिकाने, मददगारों की खोजबीन
दिल्ली पुलिस ने रविवार को दो बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया। ये कथित तौर पर कई वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रहीं थी। पुलिस इनके मददगारों की तलाश कर रही है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अवैध घुसपैठियों पर लगातार ऐक्शन जारी है। दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे 2 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को दबोचा है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध प्रवासियों की पहचान कर उन्हें डिपोर्ट करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस ने आतिफा (24) और आसमा (24) नाम की दो बांग्लादेशी महिलाओं को पकड़ा है।
हिरासत में ली गई आतिफा और आसमा बांग्लादेश में क्रमश: फरीदपुर और नरसिंगडी की रहने वाली हैं। इन दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर नदी मार्ग से भारत में अवैध रूप से प्रवेश किया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बाद में वे दिल्ली में लगातार ठिकाने बदलती रहीं ताकि उन्हें पकड़ा न जा सकें। एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सत्यापन अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने मंडावली इलाके में कई स्थानों पर छापेमारी की जिसके बाद दोनों को हिरासत में लिया गया। इन दोनों महिलाओं की उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया विदेशियों के क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के माध्यम से की जा रही है। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने कोलकाता के रास्ते भारत में प्रवेश किया था।
इसके बाद फिर ट्रेन से दिल्ली पहुंचीं थीं। अधिकारी के मुताबिक, पुलिस अब उन लोगों का पता लगाने में जुटी है जिन्होंने इन महिलाओं को देश में प्रवेश कराने और शरण देने में मदद की। पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान पिछले साल नवंबर में शुरू किया था।