दिल्ली में करंट लगने से 2 लोगों और एक स्ट्रीट डॉग की मौत, कैसे हुआ यह हादसा?
दिल्ली के आरके पुरम में एक बड़ा हादसा हो गया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि सेक्टर 1 में करंट लगने से दो लोगों और एक स्ट्रीट डॉग की मौत हो गई। कैसे हुआ यह हादसा जानें…

दिल्ली के आरके पुरम के सेक्टर 1 में एक बड़ा हादसा हुआ है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि इलाके में आंधी बारिश के दौरान करंट लगने से दो लोगों और एक स्ट्रीट डॉग की मौत हो गई। भारी बारिश के कारण गिरे पेड़ की वजह से करंट लगने से दोनों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस स्टेशन आरके पुरम में सुबह 4:29 बजे इस घटना की बाबत पीसीआर कॉल आई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
विवेकानंद मार्ग पर एमसीडी कियोस्क में ढाबा चलाने वाले सुनील ने बताया कि घटना के समय उनके दो कर्मचारी रविंदर (30) और भरत (25) कियोस्क के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान आंधी और बारिश की वजह से एक पेड़ गिर गया। इससे बिजली का तार क्षतिग्रस्त हो गया और करंट प्रवाहित हो गया, जिससे दो कर्मचारियों और एक स्ट्रीट डॉग की मौत हो गई।
पुलिस ने यह भी बताया कि रविवार को सुबह तेज हवाओं और बारिश के कारण दक्षिणी दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव में 100 फुट ऊंचा मोबाइल टावर गिर गया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। ब्लॉक बी2 के निवासियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 4 बजे के करीब उस वक्त हुई जब तेज हवाओं के साथ बारिश देखी गई।
मालवीय नगर से पूर्व AAP विधायक सोमनाथ भारती ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थानीय लोगों से बातचीत की। सोमनाथ भारती ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- स्थानीय लोगों ने टॉवर लगाने का विरोध किया था। मैंने भी अपत्ति जताई थी। फिर भी बी2 सफदरजंग एन्क्लेव में लगाया गया एक मोबाइल टावर कल रात गिर गया। यदि यह दिन के समय या बी2 की इमारतों की ओर गिर जाता तो कितना बड़ा हादसा हो सकता था? ऐसी लापरवाही अपराध है!