Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi new cm atishi marlena ikely to get Z category security and civil lines bungalow

Z कैटेगरी सिक्योरिटी और सिविल लाइंस वाला बंगला? दिल्ली की नई CM आतिशी का सुरक्षा घेरा होगा कितना मजबूत

आतिशी को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद सिर्फ सीएम की कुर्सी ही नहीं सिविल लाइंस वाला आलीशान बंगले के साथ ही ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा भी प्रदान किए जाने की संभावना है। वह दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। 'आप' ने अरविंद केजरीवाल की जगह आतिशी को दिल्ली का नया सीएम चुना था।

Praveen Sharma नई दिल्ली। भाषाWed, 18 Sep 2024 02:12 AM
share Share

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनने जा रहीं आतिशी को सिर्फ सीएम की कुर्सी ही नहीं सिविल लाइंस वाला आलीशान बंगले के साथ ही ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा भी प्रदान किए जाने की संभावना है। हालांकि, वह कब नए बंगले में शिफ्ट होंगी, अभी तक इस बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। वह दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल की जगह आतिशी को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना था। अरविंद केजरीवाल द्वारा मंगलवार शाम उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपने के बाद आतिशी ने नई सरकार बनाने का अपना दावा पेश कर दिया है। 

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस भावी मुख्यमंत्री आतिशी को 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा दे सकती है। एक अधिकारी ने कहा कि अगले कुछ दिनों में उनके सुरक्षा घेरे पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा दी जाती है। दिल्ली पुलिस ‘जेड’ श्रेणी सुरक्षा के तहत शिफ्ट में करीब 22 सुरक्षा कर्मियों को तैनात करती है।

एक अधिकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस निवर्तमान मुख्यमंत्री केजरीवाल की सुरक्षा की भी समीक्षा करेगी, क्योंकि उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया है। फिलहाल केजरीवाल को ‘जेड प्लस’ सुरक्षा मिली हुई है, जिसके तहत उन्हें एक शिफ्ट में करीब 40 सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए जाते हैं।

ये भी पढ़े:आतिशी को दिल्ली की नई CM चुनने के पीछे ये 4 वजह अहम, काम आई सिसोदिया से करीबी?

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से मंगलवार को इस्तीफा दे दिया है। आम आदमी पार्टी (आप) के एक पदाधिकारी ने कहा कि वह अगले कुछ हफ्तों में सिविल लाइंस स्थित अपना सरकारी बंगला खाली कर देंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी आवास छोड़ने के बाद केजरीवाल और उनका परिवार दिल्ली में ही रहेगा। उनके लिए उपयुक्त आवास की तलाश जारी है।

नियमों के अनुसार, केजरीवाल को अपने इस्तीफे के एक महीने के भीतर सरकारी बंगला खाली करना होगा। फरवरी 2015 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी के भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापस आने के बाद वह उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित आवास में रहने आए थे।

बता दें कि, दिसंबर 2013 में पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने से पहले केजरीवाल गाजियाबाद के कौशाम्बी इलाके में रहते थे। मुख्यमंत्री के तौर पर वह मध्य दिल्ली के तिलक लेन स्थित आवास में रहे।

केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के अपने फैसले की घोषणा करते हुए भाजपा पर दिन-रात उन पर कीचड़ उछालने और बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से यह तय करने को कहा कि वह ईमानदार हैं या नहीं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बंगले को ‘शीशमहल’ बताते हुए आरोप लगाती रही है कि इसका नवीनीकरण केजरीवाल ने सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये खर्च करके कराया और नियमों का उल्लंघन किया।

 

 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें