दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, सुबह-सुबह कई इलाकों में बारिश; आगे कैसा रहेगा हाल
Delhi-NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में पिछले काफी दिनों से तेज धूप का सामना कर रहे लोगों के लिए गुरुवार सुबह राहत लेकर आई। सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई है। ठंडी हवाएं भी चल रही हैं।

Delhi-NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में पिछले काफी दिनों से तेज धूप का सामना कर रहे लोगों के लिए गुरुवार सुबह राहत लेकर आई। सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई है। ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। मौसम में अचानक आए बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा और इसमें गिरावट आ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल बरसे हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन भी बारिश के आसार हैं।
बुधवार रहा सबसे गर्म दिन
राजधानी मे बुधवार को इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में इस वर्ष फरवरी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह 27 फरवरी 2023 को दर्ज किए गए अधिकतम तापमान के जितना है। जबकि फरवरी 2024 में अधिकतम तापमान इससे थोड़ा कम 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
खराब श्रेणी में एक्यूआई
मौसम विभाग ने दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 और 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.9 डिग्री अधिक है। दिल्ली में बुधवार को आर्द्रता का स्तर 86 प्रतिशत से 59 प्रतिशत के बीच रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 247 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
गर्म हो रहा मौसम महापात्रा
आईएमडी के महानिदेशक एम महापात्रा ने बताया कि गर्मी दक्षिण से उत्तर की तरफ फैलती है। पारा बढ़ने के साथ ही सबसे पहले पश्चिम तट के हिस्से गर्म होने लगते हैं। अक्तूबर-दिसंबर में मौसम 1.01 डिग्री प्रति शताब्दी की दर से गर्म हो रहा है। इसके बाद जनवरी-फरवरी के सर्दियों के महीनों में 0.73 डिग्री सेल्सियस की दर से पारा बढ़ रहा है।