Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Delhi Municipal Corporation budget by Commissioner Ashwani Kumar know main features

दिल्ली नगर निगम का सफाई पर जोर, 800 करोड़ रुपए बजट बढ़ाया; जानिए कहां कितना होगा खर्च?

  • बजट भाषण के दौरान आयुक्त ने बताया कि निगम की 14 हजार करोड़ रुपए की देनदारी है और विभिन्न माध्यमों से आय को बढ़ाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

Sourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, राहुल मानव, नई दिल्लीThu, 13 Feb 2025 04:37 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली नगर निगम का सफाई पर जोर, 800 करोड़ रुपए बजट बढ़ाया; जानिए कहां कितना होगा खर्च?

दिल्ली नगर निगम में गुरुवार को आयुक्त अश्विनी कुमार ने नए वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत किया। बीते वित्तीय वर्ष के मुकाबले इस बार के बजट में 318 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी की गई है। पिछली बार सन् 2024-25 में जहां 16,683.02 करोड़ रुपए का बजट पेश किया था, वहीं इस बार 17,002 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया गया है।

बजट में निगम प्रशासन ने किसी भी बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना का लेख-जोखा प्रस्तुत नहीं किया है। बीते वर्ष में कुछ मल्टी लेवल कार पार्किंग के बारे में बताया गया था, जिसे इस बार के बजट में फिर से बताया गया है। इस दौरान पंजाबी बाग श्मशान घाट पर 225 कारों, जीके 1 मार्केट में 399 कारों, बाग दीवार फतेहपुरी मार्केट में 196 कारों की पार्किंग का निर्माण जारी होने की सूचना दी गई है।

बजट भाषण के दौरान आयुक्त ने बताया कि निगम की 14 हजार करोड़ रुपए की देनदारी है और विभिन्न माध्यमों से आय को बढ़ाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

इसके अलावा आयुक्त ने बताया कि जनवरी 2025 तक निगम ने संपत्ति कर से 1908.06 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त किया है। पिछले वर्ष की तुलना में इसमें 215.65 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। बीते वित्तीय वर्ष में संपत्ति कर के रूप में 1692.41 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था।

सफाई पर बढ़ाया गया बजट

नए वित्तीय वर्ष में निगम ने सफाई का बजट 800 करोड़ रुपए तक बढ़ाया है। इस साल सफाई के लिए 4900 करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया है, जबकि बीते वर्ष 4100 करोड़ रुपए तक बजट पेश किया गया था।

बजट में इन परियोजनाओं के बारे में बताया गया

- कड़कड़डूमा में भवन का निर्माण कार्य जारी है, और इसका लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस भवन का निर्माण जून 2025 तक पूरा करने की कोशिश है।

- लाजपत नगर कॉलोनी में दो मंजिला अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।

- दिल्ली ग्रामोदय के तहत दिल्ली नगर निगम को 414 कार्यों की स्वीकृति दिल्ली विकास प्राधिकरण से प्राप्त हुई है। इन कार्यों पर लगभग 522 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इसमें से 74 कार्य पूरे कर लिए गए हैं और 208 कार्य प्रगति पर हैं। शेष कार्यों को जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

- बरसाती जल निकासी के तहत मध्य क्षेत्र में कुछ कार्य इस वित्तीय वर्ष में किए जाएंगे। जिसमें से तैमूर नगर नाले को बेहतर बनाने का कार्य लगभग 3.38 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। इसमें राजस्थान पहाड़ी, जी ब्लॉक, संगम विहार से शूटिंग रेंज रोड होते हुए महरौली बदरपुर रोड के आउटफॉल ड्रेन का निर्माण का कार्य 11.90 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा।

- सौर ऊर्जा उत्पादन करने के लिए निगम ने अभी तक 573 निगम भवनों पर 13.25 मेगावाट क्षमता के रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए हैं।

- निगम ने लगभग 211 छोटे कंपोस्टर पीट लगाए हैं, जिससे 543 मीट्रिक कूड़े का प्रति दिन निस्तारण होगा।

- निगम की तरफ से दक्षिणपुरी, हरकेश नगर, किशनगढ़ सहित करीब 30 अन्य श्मशान घाट, मुस्लिम कब्रिस्तान व ईसाई कब्रिस्तान का विकास और निर्माण कार्य किया जा रहा वह। CSR के मद्देनजर बिजली से चलने वाले दो शवदाह गृह बनाए जाएंगे।

बिना वार्ड समिति में चर्चा के प्रस्तुत किया बजट: नेता विपक्ष

दिल्ली नगर निगम के वर्ष 2024-25 के संशोधित बजट अनुमान और 2025-26 बजट अनुमान पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता विपक्ष राजा इकबाल सिंह ने सत्ता पक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बजट को बिना वार्ड समितियों में चर्चा करके प्रस्तुत किया गया। निगम के नियम अनुसार आयुक्त को 10 दिसंबर तक स्थायी समिति के सामने बजट पेश करना होता है। स्थायी समिति के सभी सदस्यों का निवार्चन होने के बाद भी सत्ता पक्ष ने स्थायी समिति का गठन नहीं किया। इससे निगम के विकास कार्य प्रभावित हुए। इस वजह से आयुक्त को उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मंजूरी लेकर सदन में गुरुवार को बजट प्रस्तुत करना पड़ा। स्थायी समिति का गठन न होने के कारण निगम से जुड़े विकास कार्यों को दस वर्ष पीछे कर दिया गया। इसके साथ ही नेता विपक्ष ने कहा कि इस बार कोई नया कर न लगाने का प्रस्ताव का हम स्वागत करते हैं। नए कर न लगाने पर आयुक्त ने जनता को राहत दी है।

किस विभाग को मिला कितना मिला बजट?

विभागवित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट
सामान्य प्रशासन3542.29 करोड़ रुपए
लाइसेंसिंग12.82 करोड़ रुपए
सामुदायिक सेवाएं71.36 करोड़ रुपए
शिक्षा1693.73 करोड़ रुपए
जन-स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सहायता1833.51 करोड़ रुपए
सफाई4907.11 करोड़ रुपए
लोक निर्माण और पथ प्रकाश2894.60 करोड़ रुपए
पशु चिकित्सा सेवाएं108.43 करोड़ रुपए
बागवानी393 करोड़ रुपए
भूमि एवं लाभकारी परियोजना91.90 करोड़ रुपए
अन्य विकास कार्य785 करोड़ रुपए
कर्ज भुगतान667.73 करोड़ रुपए
कुल17,002.66 करोड़ रुपए

महापौर ने पार्षद से विधायक बनने पर दी बधाई

बजट सत्र शुरू होने से पहले महापौर महेश कुमार खींची ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2025 में सदन के कई पार्षद, विधायक बन गए हैं। हमें उम्मीद है कि वे दिल्ली विधानसभा में निगम से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। बता दें कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में लगभग 10 पार्षद विधायक बन गए हैं।

अगला लेखऐप पर पढ़ें