Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi mausam temperature to reach 37 degrees winds will blow at speed of 20kmph

दिल्ली में फिर सताएगी गर्मी, 37 डिग्री जाएगा तापमान, 20 की स्पीड से चलेगी हवाएं

Delhi Weather: दिल्ली में एकबार फिर गर्मी लोगों के पसीने छुड़ाने वाली है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी की संभावना जताई है। जानें इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 18 March 2025 11:32 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में फिर सताएगी गर्मी, 37 डिग्री जाएगा तापमान, 20 की स्पीड से चलेगी हवाएं

Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब दिनभर की तेज धूप से तापमान बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यही नहीं 24 मार्च तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। इस बीच, मंगलवार को दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया।

30.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया तापमान

दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार सुबह से ही तेज धूप निकली रही, लेकिन उत्तर पश्चिमी दिशा से आने वाली हवा के चलते अधिकतम तापमान में बहुत तेजी से इजाफा नहीं हुआ। दिल्ली के सफदरजंग में मंगलवार का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। आर्द्रता का स्तर 89 से 50 फीसदी तक रहा।

20 की स्पीड से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को दिन के समय हल्के बादलों की आवाजाही हो सकती है, तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान में इजाफा होने की संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। हवा की गति ज्यादातर समय दस से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि कभी कभी हवा की स्पीड 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक जाने का अनुमान है।

गुरुवार को कैसा मौसम?

मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। इस दिन हवा की स्पीड अधिकांश समय 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे देखी जा सकती है। कभी-कभी हवा की स्पीड 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है।

37 डिग्री तक जाएगा तापमान

मौसम विभाग की मानें तो 21 और 22 मार्च को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। 23 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 जबकि न्यूनतम 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। 24 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है।

मध्यम श्रेणी में रहा एक्यूआई

मौसम के कारकों के चलते दिल्ली की हवा लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 145 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास बने रहने के आसार हैं। एनसीआर के इलाकों में भी मौसम कमोबेश दिल्ली जैसा ही रहने का अनुमान है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें