दिल्ली में कल और परसों होगी बारिश, 30 की स्पीड से हवाएं चलने का अलर्ट, NCR में कैसा मौसम?
Delhi Weather Forecast: दिल्ली में कल यानी बुधवार से मौसम बदल जाएगा। यही नहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। एनसीआर के शहरों में कैसा रहेगा मौसम जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

सDelhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल यानी बुधवार से मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही कई जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिन आंशिक और सामान्य रूप से बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि बारिश से तापमान में मामूली कमी ही देखी जाएगी।
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को भी सुबह के वक्त हल्के बादल नजर आ सकते हैं। दिन में भी आंशिक बादल छाए रहेंगे। सुबह के वक्त हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। 20 फरवरी को हल्की बूंदाबांदी के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
अगले तीन दिनों के मौसम के बारे में मौसम विभाग का कहना है कि 19 फरवरी से 22 फरवरी के बीच राजधानी के मौसम में बदलाव देखा जा सकता है। 21 फरवरी को सुबह के समय हल्की धुंध बनी रह सकती है, जबकि दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग का कहना है कि 21 से 24 फरवरी के दौरान न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। 22 और 23 फरवरी को अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। वहीं 24 फरवरी को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। नमी का अधिकतम स्तर 91 फीसदी तथा न्यूनतम स्तर 27 फीसदी दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में 20 फरवरी के बाद हवा की स्पीड कम होती जाएगी। एनसीआर के इलाकों में भी मौसम इस हफ्ते कमोबेश ऐसा ही रहने का अनुमान है। एनसीआर के इलाकों में भी दो दिन 19 और 20 फरवरी को तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राजधानी में मंगलवार को प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। कई जगहों पर प्रदूषण का स्तर 200 से अधिक था। सीपीसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम 4 बजे प्रदूषण का मानक स्तर 209 दर्ज किया गया।