दिल्ली में फिर होगी बारिश? क्या है IMD का लेटेस्ट अपडेट, 1 मार्च तक का जानें हाल
Delhi Weather: दिल्ली का मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। बुधवार के बाद इसमें बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। सफदरजंग मौसम केंद्र में शनिवार को अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

Delhi Weather: दिल्ली का मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। बुधवार के बाद इसमें बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट की संभावना है। दिल्ली के लोगों को कुछ दिनों से तेज धूप का सामना करना पड़ रहा था। सुबह से ही निकलने वाली तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान लगातार सामान्य से ज्यादा बना रह रहा था।
सफदरजंग मौसम केंद्र में शनिवार को अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां पर शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया, सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा है। इस दौरान आसमान पर आंशिक रूप से बादल छाए रहे। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 177 के साथ 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज की गई।
अगले कुछ दिन मध्यम श्रेणी में रहेगा एक्यूआई
दिल्ली में शनिवार को लगातार चौथे दिन हवा की गुणवत्ता 'मध्यम' दर्ज की गई। सीपीसीबी के डेली बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम 4 बजे 155 (मध्यम) था, जिसमें बुधवार के 180 एक्यूआई (मध्यम) के मुकाबले सुधार आया है। गुरुवार को एक्यूआई 160 और शुक्रवार को 158 था। इससे पहले 13-15 फरवरी तक तीन दिनों तक मध्यम वायु गुणवत्ता दर्ज की गई थी। दिल्ली के लिए पूर्वानुमान से पता चलता है कि अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई मध्यम श्रेणी में रहेगा।
अगले सात दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। सोमवार और मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। बुधवार को बादलों की आवाजाही रहेगी। गुरुवार को आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। इस दौरान हल्की बारिश भी हो सकती है। शुक्रवार और शनिवार को भी बादल छाए रह सकते हैं।