Delhi Weather : गलनभरी हवाओं से दिल्ली में बढ़ी ठंड, 22 से फिर बिगड़ेगा मौसम; 2 दिन आंधी-बारिश
गलनभरी हवाओं के चलते राजधानी दिल्ली में ठंड का अहसास और बढ़ गया है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 22 और 23 जनवरी को आंधी-बारिश का अनुमान है।

गलनभरी हवाओं के चलते राजधानी दिल्ली में ठंड का अहसास और बढ़ गया है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 22 और 23 जनवरी को आंधी-बारिश का अनुमान है।
दिल्ली के ज्यादातर इलाके शुक्रवार की सुबह घने कोहरे में डूबे रहे। दिल्ली के पालम और सफदरजंग मौसम केन्द्र में सुबह 4 बजे से 8 बजे के बीच घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी का स्तर शून्य से 100 मीटर के बीच रहा। हालांकि, बाद में हवा की गति बढ़ी और दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंट गया। इसके बावजूद दिन के समय एक धुंध वायुमंडल में बनी रही, जिसके चलते धूप तेज नहीं रही। इस दौरान हिमपात वाले इलाकों से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते मौसम में गलन बनी रही।

बारिश से वायु गुणवत्ता में सुधार आया : दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश और हवा की गति बढ़ने से वायु गुणवत्ता सूचकांक में पहले की तुलना में सुधार हुआ है। हालांकि, प्रदूषण का स्तर अभी भी खराब श्रेणी में बना हुआ है। अनुमान है कि अलग-अलग मौसमी कारकों के चलते अगले दो दिनों के बीच भी हवा के पूरी तरह से साफ होने के आसार नहीं है।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का औसत सूचकांक 289 अंक पर रहा। चौबीस घंटों में इसमें 13 अंकों का सुधार दर्ज किया गया है। गुरुवार को यह 302 था।
ग्रैप-3 की पाबंदियां हटीं : दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार के साथ ही ग्रैप-3 की पाबंदियां वापस ले ली गई हैं। केन्द्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ग्रैप समिति ने शुक्रवार को वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा के बाद इसका निर्णय लिया। इसके साथ ही निर्माण व विध्वंस कार्यों पर लगी रोक और वाहनों पर लगे अलग-अलग प्रतिबंध हटा लिए गए हैं।
अगले 6 दिनों के मौसम का पूर्वानुमान
18/01/2025 : सुबह के समय अलग-अलग स्थानों पर धुंध या घना से लेकर बहुत घना कोहरा छा सकता है। आसमान साफ रहेगा। रात में फिर धुंध या हल्का कोहरा छाने का अनुमान है।
19/01/2025 : सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर धुंध या मध्यम कोहरा छा सकता है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। रात में धुंध या हल्का कोहरा छा सकता है।
20/01/2025 : सुबह के समय धुंध या मध्यम कोहरा छा सकता है। आसमान साफ रहेगा। शाम या रात में धुंध या हल्का कोहरा छा सकता है।
21/01/2025 : सुबह के समय धुंध या हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। रात में फिर से धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना है।
22/01/2025 : सुबह में धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना है। आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश/तूफान और रात में धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना है।
23/01/2025 : सुबह के समय धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना है। आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश/तूफान के साथ ही रात में धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना है।