Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi home minister ashish sood appealed to help identify pakistani nationals overstaying

दिल्ली में पाकिस्तानियों की पहचान में मदद की अपील, क्या बोले रेखा सरकार के मंत्री?

रेखा गुप्ता सरकार में गृह मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली वालों से राष्ट्रीय राजधानी में समय से अधिक समय तक रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने में मदद करने की अपील की है।

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSat, 26 April 2025 09:00 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में पाकिस्तानियों की पहचान में मदद की अपील, क्या बोले रेखा सरकार के मंत्री?

दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को लोगों से राष्ट्रीय राजधानी में समय से अधिक समय तक रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने में मदद करने की अपील की है। आशीष सूद ने पाकिस्तानियों के बारे में निकटतम पुलिस स्टेशन को तुरंत सूचित करने की अपील की है। एक बयान में यह जानकारी दी गई है। भारत ने गुरुवार को 27 अप्रैल से पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी वीजा (दीर्घकालिक वीजा और राजनयिक और आधिकारिक वीजा को छोड़कर) रद्द करने की घोषणा की।

बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी नागरिकों को भारत से बाहर जाने के लिए 26 अप्रैल से 29 अप्रैल तक की डेड लाइन निर्धारित की गई है। आगे से उनको कोई नया वीजा जारी नहीं किया जाएगा। भारत सरकार के फैसले के तहत दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि पुलिस को पहले ही पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने की सलाह दी गई है। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से समय से अधिक समय तक रह रहने वालों और उनकी वापसी के लिए अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ कोऑर्डिनेशन करने को कहा गया है।

दिल्ली के गृह मंत्री अशीष सूद ने दिल्लीवालों से अपील की कि केंद्र सरकार द्वारा वीजा रद्द किए जाने के बाद भी जो पाकिस्तानी नागरिक अवैध तरीके से दिल्ली रह रहे हैं, उनकी जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें। सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में पाकिस्तानी नागरिकों के अवैध प्रवास से उत्पन्न सुरक्षा चिंताओं को लेकर पूरी तरह से सजग है। भारत सरकार के निर्णयों के अनुरूप, दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने पहले ही दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए है कि वे दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें