दिल्ली के बुराड़ी में 4 मंजिला इमारत गिरी; कई लोगों के फंसे होने की आशंका, बचाव कार्य जारी
- हादसे के बाद मलबे में कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। वहीं पुलिस, दमकल और एनडीआरएफ के जवान भी मौके पर पहुंच गए हैं।

दिल्ली के बुराड़ी में बड़ा हादसा हो गया है। यहां चार मंजिला इमारत गिरने से हड़कंप मच गया है। मलबे में कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल और एनडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंच गए हैं।
घटना सोमवार को शाम 7 बजे के करीब की बताई जा रही है। वहीं दमकर की 9 गाड़िया भी बचाव कार्य के लिए रवाना हो चुकी हैं। मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वहीं खबर लिखे जाने तक 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है जिनमें 4 महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। अभी और भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है और बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इसके लिए एनडीआरएफ की मशीनें भी मंगवाई गई हैं।
घटना बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव के ऑस्कर पब्लिक स्कूल के पास का बताया जा रही है। जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद पूरे इलाके की बिजली भी काट दी गई है।
अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा?
घटना पर दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने दुख जताते हुए तुरंत हर संभव मदद उपलब्ध करावे की बात की है। उन्होंने कहा, ये घटना बेहद दुखद है। बुराड़ी से हमारे विधायक संजीव झा जी को निर्देश दिए हैं कि तुरंत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वहां जाकर राहत और बचाव कार्य में प्रशासन की मदद करें। स्थानीय लोगों की भी हर संभव सहायता करें।
इससे पहले उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके में गुरुवार को एक इमारत का आंशिक हिस्सा ढहने से पांच मजदूर घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया कि शाम करीब 5:25 बजे मकान संख्या 53 की तीसरी मंजिल की दीवार अचानक ढह गई, जिससे पड़ोस के मकान की छत को नुकसान पहुंचा।
घटना के समय दीवार को तोड़ने का काम किया जा रहा था। इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव टीम घटनास्थल पर पहुंच गईं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अग्निशमन दल की टीम भी वहां पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा कि घायल मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया गया। दीवार का मलबा पास के घर पर गिर गया, जिससे उसकी छत को नुकसान पहुंचा।
भाषा से इनपुट