दिल्ली में 4 दिन बाद ही 35 डिग्री वाला टार्चर, गर्मी कहर बरपाने को तैयार, 6 दिन का हाल
Delhi Mausam: दिल्ली में इसी हफ्ते गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाने लगेगी। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में 4 दिन बाद 35 डिग्री वाला टार्चर दिखेगा। जानें अगले 6 दिन का हाल…

Delhi Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ ही एनसीआर में इसी हफ्ते से गर्मी अपना तेवर दिखाने लगेगी। मौसम विभाग की मानें तो इसी हफ्ते दिल्ली अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। अभी यह मार्च का महीना है। इसके बाद क्या हाल होगा इसे सहज ही समझा जा सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि इस साल सर्दी का समय कम होने से गर्मी ज्यादा पड़ेगी।
मौसम विभाग की मानें तो 7 मार्च के बाद दिल्ली में तापमान में क्रमश: बढ़ोतरी देखी जाएगी। 7 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं आठ मार्च को इसमें थोड़ी और बढ़ोतरी देखी जाएगी और अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री जबकि न्यूनतम 14 से 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने दिल्ली में 9 और 10 मार्च को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने 11 मार्च को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। 12 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट देखी जा सकती है। यह 31 से 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
वहीं मौसम विभाग का कहना है कि 9 मार्च से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 9 से 12 मार्च के दौरान जम्म-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में छिटपुट से लेकर व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी देखी जा सकती है। वहीं उत्तराखंड में 10 से 12 मार्च के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।