नई दिल्ली रेलवे स्टेशन हादसे के बाद डिवीजन DRM हटाए गए, आगे क्या संकेत?
दिल्ली डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक सुखविंदर सिंह का तबादला कर दिया गया है। यह आदेश फरवरी माह में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे के बाद सामने आया है।

फरवरी माह में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे के बाद दिल्ली डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक सुखविंदर सिंह का मंगलवार को तबादला कर दिया गया। इसे लेकर मंगलवार को आदेश जारी हुए। उनकी जगह पुष्पेष आर त्रिपाठी को दिल्ली मंडल का डीआरएम नियुक्त किया गया है। सुखविंदर सिंह को जुलाई 2023 में दिल्ली मंडल डीआरएम नियुक्त किया गया था। सुखविंदर सिंह का दो साल का कार्यकाल इस साल के अंत में समाप्त हो रहा था।
रेल मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तर मध्य रेलवे जोन से पुष्पेश आर त्रिपाठी सुखविंदर सिंह की जगह लेंगे। हालांकि, आदेश में सिंह की नई पोस्टिंग के बारे में कुछ नहीं कहा गया है।
आदेश में कहा गया है कि रेल मंत्रालय ने राष्ट्रपति की मंजूरी से निर्णय लिया है। दिल्ली के डीआरएम को हटाने के आदेश की प्रमुख वजह बीते दिनों हुए हादसे को ही माना जा रहा है। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने इससे इनकार किया है कि सुखविंदर सिंह का तबादला 15 फरवरी की भगदड़ से जुड़ा है। हालांकि सूत्रों की मानें तो नई दिल्ली स्टेशन पर हुई त्रासदी के कारण उनकी नई तैनाती आगे बढ़ा दी गई है।
बीते 15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची थी जिसमें 18 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में रेल मंत्रालय द्वारा उच्च स्तरीय समिति से जांच करवाई जा रही है। यह माना जा रहा था कि हादसे को लेकर दिल्ली मंडल के अधिकारियों पर गाज गिर सकती है। दिल्ली डीआरएम के पद पर नियुक्त किए गए पुष्पेष आर त्रिपाठी फिलहाल उत्तर-मध्य रेलवे में कार्यरत हैं।