दिल्ली में महिलाओं को जल्द मिल सकती है 2500 वाली सौगात, तैयारी में जुट गईं CM रेखा गुप्ता
Mahila Samriddhi Yojna: दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए वाली सौगात जल्द मिल सकती है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता महिला समृद्धि योजना को लेकर काफी गंभीर हैं। उन्होंने इस दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। एक बैठक में इस योजना को लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिए गए हैं।

Mahila Samriddhi Yojna: दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए वाली सौगात जल्द मिल सकती है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता महिला समृद्धि योजना को लेकर काफी गंभीर हैं। उन्होंने इस दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। एक बैठक में इस योजना को लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली की नवनियुक्त मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रियों ने शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बजट तैयार करने और महिला समृद्धि योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। महिला समृद्धि योजना के तहत भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देने का चुनावी वादा किया है। एक सूत्र ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को महिला समृद्धि योजना का लाभ कैसे दिया जाए, इसके लिए पात्रता मानदंड तैयार को कहा है। साथ ही अन्य राज्य सरकारों द्वारा शुरू की गई इसी तरह की योजनाओं का तुलनात्मक अध्ययन करने का भी निर्देश दिया है।
बैठक में अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को दिल्ली सरकार के बजट की जानकारी दी गई। इस बात पर जोर दिया गया कि लोगों को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए पैसे का कुशलतापूर्वक उपयोग किया जाना चाहिए। बैठक में सड़कों, फ्लाईओवरों की मरम्मत और सफाई तथा बरसात के मौसम में जलभराव को रोकने की योजना जैसे अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
विपक्षी आप ने सत्तारूढ़ भाजपा पर पहली कैबिनेट बैठक में महिला समृद्धि योजना को पारित न करने का आरोप लगाया है। पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने सीएम रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर आप विधायकों के साथ उनसे मिलने का समय मांगा है।
इस बीच पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक मिंटो रोड अंडरपास और पुल प्रहलाद जैसे करीब दो दर्जन जलभराव वाले स्थानों की पहचान की गई है। अन्य कैबिनेट मंत्रियों ने भी शहर में चल रही परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करने के लिए फील्ड के दौरे किए।
गृह, शिक्षा एवं शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने अपने विभागों का कार्यभार संभाला और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र जनकपुरी के पंखा रोड का दौरा किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सड़कों पर पड़े कूड़े को हटवाएं और विधानसभा क्षेत्र में समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें।
एक्स पर एक पोस्ट में सूद ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों के साथ पूरी दिल्ली के समग्र विकास पर चर्चा की और चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की। कहा कि उनका उद्देश्य दिल्ली को एक आधुनिक, स्मार्ट और विकसित शहर बनाना है। वह दिल्ली को वैश्विक मानक वाला शहर बनाने के लिए दिन-रात काम करेंगे। वहीं, मंत्री कपिल मिश्रा ने खजूरी खास चौक का दौरा किया और अधिकारियों को ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।