दिल्ली में मुफ्त बस सफर किन महिलाओं के लिए हो जाएगा बंद, 2 नियम समझ लीजिए
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद कई तरह के बदलावों की शुरुआत हो गई है। इनमें से एक यह है कि अब दिल्ली में बस सफर सबके लिए मुफ्त नहीं होगा।

दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के बाद कई तरह के बदलावों की शुरुआत हो गई है। इनमें से एक यह है कि अब दिल्ली में बस सफर सबके लिए मुफ्त नहीं होगा। वजह यह है कि रेखा गुप्ता सरकार 'पिंक टिकट' सिस्टम को खत्म करने जा रही है। दिल्ली की बसों में मुफ्त सफर के लिए महिलाओं को अब स्मार्ट कार्ड दिए जाएंगे।
दिल्ली में परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मुफ्त बस सफर के लिए स्मार्ट कार्ड की जल्द शुरुआत होने जा रही है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद जिन महिलाओं को यह कार्ड मिलेगा उन्हें ही मुफ्त बस सफर का लाभ मिलेगा। फिलहाल जब तक स्मार्ट कार्ड की शुरुआत नहीं होती है तब तक पिंक टिकट के जरिए सफर की सुविधा जारी रहेगी।
किनको नहीं मिलेगा मुफ्त बस सफर, दो नियम
परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मुफ्त बस सफर योजना का लाभ दिल्ली की महिलाओं को ही मिलेगा। इस सुविधा का लाभ तभी लिया जा सकता है जब आपके पास स्मार्ट कार्ड होगा। इन दो नियमों का मतलब यह है कि जिन महिलाओं के आधार या वोटर कार्ड में दिल्ली का पता नहीं है उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा दिल्ली की उन महिलाओं को भी मुफ्त बस सफर का लाभ नहीं मिलेगा जो इस योजना के तहत रजिस्ट्रेशन नहीं कराएंगी।
क्यों ऐसा बदलाव करने जा रही है भाजपा सरकार
दरअसल, भाजपा सरकार का आरोप है कि आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान मुफ्त बस सफर के नाम पर बड़े पैमाने पर घोटाला किया जा रहा था। दिल्ली की मुऱ्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि जितनी महिलाएं सफर कर रही थीं उनसे कहीं अधिक टिकट जारी करके सरकार से भुगतान प्राप्त किया जा रहा था। गुप्त ने बजट सत्र के दौरान विधानसभा में कहा था, 'हम महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं... भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम महिलाओं के लिए डिजिटल यात्रा कार्ड शुरू करेंगे, जो उन्हें सरकारी बसों में कभी भी स्वतंत्र रूप से मुफ्त यात्रा करने की सुविधा देगा, जिससे टिकट से जुड़ा ‘गुलाबी भ्रष्टाचार’ खत्म हो जाएगा।'