दिल्ली में आधी रात क्राइम, 25 साल के शख्स की चाकू मारकर हत्या,पुलिस खोज रही वजह
भजनपुरा में 25 साल के शख्स की हत्या के संबंध में भाई ने बताया कि वह मेरा छोटा भाई था। हमारे पास कोई जानकारी नहीं है और पुलिस कह रही है कि वे 24 घंटे बाद जानकारी देंगे। उसकी 4 महीने में शादी होने वाली थी। उसने आगे बताया कि हमें घटना का कारण नहीं पता।

दिल्ली में अपराध की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी के भजनपुरा इलाके में एक 25 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पीड़ित के भाई के अनुसार,मृतक की 4 महीने बाद शादी होने वाली थी। पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला छीन-झपटी का लग रहा है। भाई ने बताया कि पुलिस उन्हें 24 घंटे बाद ही जानकारी देगी।
भजनपुरा में 25 साल के शख्स की हत्या के संबंध में भाई ने बताया कि वह मेरा छोटा भाई था। हमारे पास कोई जानकारी नहीं है और पुलिस कह रही है कि वे 24 घंटे बाद जानकारी देंगे। उसकी 4 महीने में शादी होने वाली थी। उसने आगे बताया कि हमें घटना का कारण नहीं पता,हमें सिर्फ इतना पता चला कि यह छीना-झपटी का मामला था। पुलिस ने शायद तीन लोगों को पकड़ा है जो अभी जेल में हैं और जांच चल रही है।
पीड़ित के भाई ने आगे बताया कि वह परिवार में सबसे छोटा था। हम 4 भाई-बहन हैं। पड़ोसी ने बताया कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। बहुत अच्छा लड़का था। पड़ोसी ने बताया कि हमें कारण नहीं पता,पुलिस ने बंदों को पकड़ कर रखा है,अब जांच के बाद ही पता चलेगा। पढ़ी-लिखी फैमिली है और पीड़ित का परिवार बहुत शरीफ था।
दिल्ली पुलिस ने घटना को लेकर बताया कि 25 अप्रैल, 2025 को लगभग रात 9:31 बजे थाना भजनपुरा को सुभाष मोहल्ला में सड़क पर एक घायल व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली। तुरंत कार्रवाई करते हुए,एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्हें पता चला कि घायल व्यक्ति को पहले ही जीटीबी अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल पहुंचने पर,डॉक्टरों ने पीड़ित को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शाकिर (उम्र 28 वर्ष) पुत्र शहजाद,निवासी सुभाष मोहल्ला,घोंडा के रूप में हुई है।
थाना भजनपुरा में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है और गहन जांच शुरू कर दी गई है। क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम ने घटनास्थल का पूरी तरह से निरीक्षण किया है। आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान करने,उनका पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए कई समर्पित टीमें बनाई गई हैं।