शराब नीति पर CAG रिपोर्ट की जांच PAC करेगी, 3 महीने में सब साफ हो जाएगा; BJP नेता का दावा
दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि शराब नीति को लेकर पेश की गई कैग रिपोर्ट की जांच के लिए पीएसी का गठन किया जाएगा। यह समिति तीन महीने में अपनी रिपोर्ट देगी। उसके बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि शराब नीति को लेकर पेश की गई कैग रिपोर्ट की जांच के लिए पीएसी का गठन किया जाएगा। यह समिति तीन महीने में अपनी रिपोर्ट देगी। उसके बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
बीजेपी विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने दिल्ली विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उस पर वे निश्चित रूप से खड़ा उतरने का प्रयास करेंगे। वह अपने केंद्रीय नेतृत्व पीएम मोदी, अमित शाह जी, जेपी नड्डा जी, अपने प्रदेश के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी, उनके मंत्रिमंडल के साथी और पार्टी के सभी विधायकों का दिल की गहराइयों से आभार प्रकट करते हैं।
उन्होंने कहा कि उनका काम सदन को ठीक से चलाना, नियम के अनुसार चलाना, विधायकों के जो विषय आएंगे उसका ठीक ढंग से निवारण करना रहेगा। विधायकों के निलंबन पर कहा कि यह उनके आचार, विचार और व्यवहार पर निर्भर करता है। मान लीजिए कि एलजी का स्पीच हो और आप उनको डिस्टर्ब कर रहे हों। आपके पास मौके हैं न। हम सत्ता पक्ष के लोग हैं। वो विपक्ष के हैं। विपक्ष के लोगों को मुद्दों के अनुसार सत्ता पक्ष से पूछना चाहिए।
आप विधायकों के निलंबन पर बिष्ट ने कहा कि उन्हें अपने आचार, विचार और व्यवहार में बदलाव लाना होगा। विधानसभा रूल बुक से चलती है। यह किसी के घर के कायदे कानून से नहीं चलती है। उन्हें इसकी तैयारी करके आना चाहिए, पढ़कर आना चाहिए। अच्छा होता कि वो हंगामा नहीं करते। जब उनकी बारी आती तो वे पूछते। उन्हें सरकार को कठघरे में खड़ा करना चाहिए। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं करके सदन को बाधित किया। इसलिए उनको बाहर का रास्ता दिखाया गया। इसके सिवा हमारे पास चारा ही क्या था।
कैग रिपोर्ट पर बिष्ट ने कहा कि इसकी जांच के लिए पीएसी (लोक लेखा समिति) का गठन किया जाएगा। तीन महीने के बाद पीएसी अपनी रिपोर्ट देगी। फिर दूध का दूध और पानी का पानी होगा। कहा कि सिलसिलेवार कैग की सभी 14 रिपोर्ट विधानसभा में रखी जाएगी। बता दें कि कांग्रेस ने भी कैग रिपोर्ट की जांच के लिए पीएसी के गठन की मांग की है।