Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़bjp leader threat to rahul gandhi over sikh statement

राहुल गांधी तेरा दादी वाला हाल होगा; भाजपा के सिख नेता ने दी धमकी, वीडियो दिखा कांग्रेस का दावा

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा नेता और पूर्व विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने राहुल गांधी को इंदिरा गांधी वाला हाल होने की धमकी दी। कांग्रेस पार्टी ने इसका वीडियो भी शेयर किया है।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 12 Sep 2024 03:00 AM
share Share

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के सिखों को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। भारत में सिखों को धार्मिक स्वतंत्रता नहीं होने का आरोप लगाने के बाद भाजपा के सिख नेताओं ने बुधवार को दिल्ली में राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि इस दौरान भाजपा नेता और पूर्व विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने राहुल गांधी को इंदिरा गांधी वाला हाल होने की धमकी दी। कांग्रेस पार्टी ने इसका वीडियो भी शेयर किया है।

कांग्रेस पार्टी ने एक्स हैंडल पर 11 सेकेंड का एक वीडियो शेयर करते हुए यह आरोप लगाया है। कांग्रेस ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए धमकी देने वाले नेता पर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने लिखा, 'दिल्ली BJP का नेता और पूर्व विधायक, तरविंदर सिंह मारवाह ने आज प्रदर्शन के दौरान कहा-'राहुल गांधी बाज आ जा, नहीं तो आने वाले टाइम में तेरा भी वही हाल होगा जो तेरी दादी का हुआ' BJP का ये नेता खुलेआम देश के नेता प्रतिपक्ष की हत्या की धमकी दे रहा है। नरेंद्र मोदी जी अपने पार्टी के इस नेता की धमकी पर आप चुप नहीं रह सकते हैं। ये बेहद गंभीर मामला है। आपके पार्टी के नफरत की फैक्ट्री का ये प्रोडक्ट है। इस पर कार्रवाई करनी ही होगी। 

खबर लिखे जाने तक इस पर भाजपा की प्रतिक्रिया नहीं आई थी। हालांकि, एक्स पर जवाब देते हुए कई लोगों ने कांग्रेस को यह जरूर याद दिलाया कि मारवाह कांग्रेस के ही नेता थे और राहुल गांधी भी उनकी तारीफ करते थे। कांग्रेस के नेताओं का आरोप है कि मारवाह का इशारा इंदिरा गांधी की हत्या की ओर था। ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री और राहुल गांधी की दादी की हत्या उनके सिख अंगरक्षकों सतवंत सिंह और बेअंत सिंह ने कर दी थी। 

गौरतलब है कि मारवाह दो साल पहले तक कांग्रेस के ही नेता थे। जुलाई 2022 में वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। तरविंदर सिंह मारवाह जंगपुरा विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर तीन बार विधायक रह चुके हैं। खुद राहुल गांधी ने 2020 में विधानसभा चुनाव के दौरान तरविंदर सिंह की तारीफ की थी। मारवाह के लिए जंगपुरा में रैली करते हुए राहुल गांधी ने उनकी बहादुरी की तारीफ की थी। राहुल ने कहा था कि मारवाह ने पाकिस्तान में जाकर हिन्दुस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया था और वहां जेल तक में गए।

 

 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें