भाजपा ने दिल्ली विधानसभा में अभय वर्मा को नियुक्त किया अपना मुख्य सचेतक, जानिए कौन हैं वह?
- इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए वर्मा ने कहा, ‘मुख्य सचेतक के रूप में मैं सदन के सुचारू संचालन के लिए पार्टी विधायकों और सरकार के बीच समन्वय सुनिश्चित करूंगा।’

भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली की लक्ष्मी नगर सीट से विधायक अभय वर्मा को दिल्ली विधानसभा में भाजपा का मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) नियुक्त किया गया है। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की उपस्थिति में मंगलवार को हुई विधायक दल की बैठक में वर्मा को यह जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा के अन्य नेता इस बैठक में मौजूद रहे।
इस बारे में बयान जारी करते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई ने बताया, ‘बैठक के दौरान विधायक दल की कार्यवाही सुचारू रूप से जारी रखने के लिए मुख्य सचेतक की नियुक्ति पर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद सभी विधायकों ने वीरेंद्र सचदेवा को इस मुद्दे पर निर्णय लेना का जिम्मा सौंपा।’
बयान में आगे बताया गया कि मुख्यमंत्री से सलाह लिए जाने के बाद सचदेवा ने वर्मा को मुख्य सचेतक के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की। उधर इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए वर्मा ने कहा, ‘मुख्य सचेतक के रूप में मैं सदन के सुचारू संचालन के लिए पार्टी विधायकों और सरकार के बीच समन्वय सुनिश्चित करूंगा।’
कौन हैं अभय वर्मा?
लक्ष्मी नगर से दो बार विधायक रहे अभय वर्मा (52) पूर्वांचली नेता और दिल्ली भाजपा के मुख्य प्रवक्ता हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई में स्नातक की डिग्री ली है। वह अपने छात्र जीवन से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ गए थे।
वर्मा साल 2007 में भाजपा की दिल्ली इकाई के कानूनी प्रकोष्ठ (लीगल सेल) से जुड़े और 2010 में पार्टी के पूर्वांचल मोर्चा के प्रमुख बने। उन्होंने 2013 में लक्ष्मी नगर सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि वह हार गए थे।