रेखा गुप्ता के CM बनने पर क्यों खुश हो गईं AAP की आतिशी मार्लेना, एक वादा भी किया
दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार की कमान एक महिला मुख्ममंत्री के हाथ होगी। 27 साल पहले जब भाजपा की सत्ता गई थी उस समय सुषमा स्वराज मुख्यमंत्री थीं।

दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार की कमान एक महिला मुख्ममंत्री के हाथ होगी। 27 साल पहले जब भाजपा की सत्ता गई थी उस समय सुषमा स्वराज मुख्यमंत्री थीं। रेखा गुप्ता के सीएम बनने के बाद अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी ने उन्हें बधाई दी है। आतिशी ने रेखा गुप्ता के सीएम चुने जाने पर खुशी भी जाहिर की।
आतिशी ने एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता जी को बधाई। यह खुशी की बात है कि दिल्ली का नेतृत्व एक महिला करेंगी। मुझे उम्मीद है कि दिल्ली वालो को किए गए वादे पूरे होंगे। दिल्ली के विकास के लिए आम आदमी पार्टी का पूरा सहयोग आपको मिलेगा।’
आतिशी इस बात को लेकर खुश नजर आईं कि उनके बाद भी एक महिला ही दिल्ली की सरकार चलाएगी। आतिशी से पहले शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज भी मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
अरविंद केजरीवाल ने भी रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई दी और उम्मीद जाहिर की कि वह सभी वादों को पूरा करेंगी। केजरीवाल ने कहा, 'दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता जी को बहुत बहुत बधाई। मैं उम्मीद करता हूं कि दिल्ली की जनता को किए गए सारे वादे वे पूरे करेंगी। दिल्ली की जनता के विकास और भले के हर कार्य में हम उन्हें सहयोग करेंगे।'
दिल्ली विधानसभा चुनावों में दो तिहाई बहुमत से विजयी हुई भाजपा दिल्ली प्रदेश मुख्यालय में हुई नवनिर्वाचित विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद, ओमप्रकाश धनखड़ एवं चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा की मौजूदगी में रेखा गुप्ता को नेता चुना गया। प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय ने श्रीमती रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव किया जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। बैठक में कोई भी उप मुख्यमंत्री के रूप में नहीं चुना गया।