इसमें गलत क्या है, केजरीवाल या सिसोदिया के राज्यसभा जाने की अटकलों पर बोले AAP नेता
- पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह सांधवान ने कहा, 'हर पार्टी का अपना फैसला होता है कि वो किसे राज्यसभा के लिए या चुनाव में उम्मीदवार बनाती है। इसमें गलत क्या है?

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के पंजाब से राज्यसभा जाने की चर्चाएं एक बार फिर शुरू हो गई हैं। अब पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह सांधवान ने कहा है कि इसमें कुछ गलत नहीं है। दरअसल, राज्यसभआ सांसद संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से उपचुनाव में उम्मीदवार बनाए जाने के बाद अटकलें थीं कि केजरीवाल पंजाब के रास्ते राज्यसभा जा सकते हैं। हालांकि, आप चीफ ने इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
ट्रिब्यून इंडिया के अनुसार, जब केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के राज्यसभा जाने के लिए सवाल किया गया, तो सांधवान ने कहा, 'हर पार्टी का अपना फैसला होता है कि वो किसे राज्यसभा के लिए या चुनाव में उम्मीदवार बनाती है। इसमें गलत क्या है? मनमोहन सिंह भी दूसरे राज्य से राज्यसभा गए थे।' विपक्षी दलों को लेकर उन्होंने कहा, 'विपक्ष ऐसे कई बयान दे रहा है। स्पीकर होने के नाते मैं राजनीतिक फैसलों में शामिल नहीं हूं।'
आप के पंजाब प्रवक्ता नील गर्ग ने केजरीवाल के राज्यसभा जाने के दावों को अफवाह बताया। गर्ग ने पत्रकारों से कहा, 'उपचुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। विपक्षी दल अफवाहें फैलाने लगे हैं। इसमें कोई सच्चाई नहीं है। राज्यसभा के लिए कौन जाएगा, यह उपचुनाव के नतीजे आने के बाद तय होगा। सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार को राज्यसभा भेजा जाएगा।'
आम आदमी पार्टी के पंजाब से कुल सात राज्यसभा सदस्य हैं जिसमें संदीप पाठक, राघव चड्ढा, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, अशोक मित्तल, पर्यावरणविद् बलबीर सिंह सीचेवाल और उद्योगपति विक्रमजीत सिंह शामिल हैं।
AAP कर रही इनकार
वरिष्ठ आप नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि केजरीवाल पूरे देश में पार्टी के विस्तार के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, 'केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे क्योंकि उन पर देश में पार्टी के विस्तार की बड़ी जिम्मेदारी है और वह इस पर काम कर रहे हैं।'
आम आदमी पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, 'जहां तक अरविंद केजरीवाल की बात है तो पहले मीडिया के सूत्रों ने कहा था कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे और अब वे कह रहे हैं कि वह पंजाब से राज्यसभा जाएंगे। मीडिया के ये दोनों ही सूत्र पूरी तरह गलत हैं।' उन्होंने कहा कि केजरीवाल आप के राष्ट्रीय संयोजक हैं और वह एक राज्य तक सीमित नहीं हैं।
संजीव अरोड़ा बने उम्मीदवार
लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया। अगर अरोड़ा उपचुनाव जीतते हैं तो उन्हें राज्यसभा की सदस्यता छोड़नी होगी। लुधियाना स्थित 61 वर्षीय उद्योगपति कृष्ण प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट भी चलाते हैं। वह 2022 से राज्यसभा के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने का अवसर देने के लिए वह पार्टी नेतृत्व के आभारी हैं।
लुधियाना पश्चिम सीट आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद खाली हुई थी। गोगी की पिछले महीने लाइसेंसी हथियार से दुर्घटनावश चली गोली लगने से मौत हो गई थी।