34-36 भी हो सकता था; दिल्ली की 12 सीटें जिन पर कांग्रेस ने बिगाड़ दिया AAP का खेल
- दिल्ली की 12 सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस प्रत्याशी को आम आदमी पार्टी प्रत्याशी की हार के अंतर से ज्यादा कांग्रेस प्रत्याशी को वोट मिले हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर कांग्रेस और आप गठबंधन में चुनाव लड़ते तो नतीजे क्या होते…

दिल्ली विधानसभा चुनावों के परिणाम लगभग तय हो गए हैं। 48 सीटों के साथ राजधानी में पूरे 26 साल बाद भाजपा एक बार फिर से सत्ता की कुर्सी संभालने जा रही है। 11 सालों तक लगातार सत्ता में काबिज रही आम आदमी पार्टी की विदाई तय हो गई है। ऐसे में एक ताजा आंकड़े सामने आए हैं। दिल्ली में 12 ऐसी सीटें रहीं, जहां कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी का खेल बिगाड़ दिया। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि अगर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन में चुनाव लड़े होते तो दिल्ली में कितनी सीटें आने की संभावना थी? आइए जानते हैं।
12 सीटें जहां कांग्रेस ने बिगाड़ा AAP का खेल
दिल्ली की 12 सीटें ऐसी हैं जहां आदमी पार्टी की हार के अंतर से ज्यादा वोट कांग्रेस प्रत्याशी को मिले हैं। इनमें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की भी सीट शामिल है। इनमें सौरभ भारद्वाज और मनीष सिसोदिया की सीटें भी शामिल हैं। इन तीन सीटों के अलावा 9 और सीटें हैं जहां आम आदमी पार्टी की हार के अंतर से ज्यादा कांग्रेस को वोट मिले हैं। इनमें छतरपुर, बादली, त्रिलोकपुरी, नांगलोई, तिमारपुर, मालवीय नगर, राजेंद्र नगर, संगम विहार और दिल्ली कैंट सीटें शामिल रहीं। कांग्रेस और 'आप' का गठबंधन होता तो दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे 48-22 ना होकर, 34-36 पर हो सकते थे। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं।
कहां कितना अंतर
आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल की सीट नई दिल्ली 4089 वोटों से हार गई। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित को कुल 4568 वोट मिले। छतरपुर सीट 'आप' 6239 वोटों से हार गई। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी 6601 वोट मिले। जंगपुरा विधानसभा सीट पर मनीष सिसोदिया 675 वोट से हार गए, इस सीट पर कांग्रेस को 7350 वोट मिले। बादली विधानसभा सीट 'आप' 10661 वोट से हार गई, इस सीट पर कांग्रेस को कुल 31130 वोट मिले। त्रिलोकपुरी विधानसभा सीट पर 'आप' को 392 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी को 6147 वोट मिले हैं। ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट पर 'आप' को 3188 वोटों से हार का सामना करना पड़ा, यहां कांग्रेस प्रत्याशी को कुल 6711 वोट मिले। नांगलोई विधानसभा सीट पर 'आप' 26,251 वोटों के अंतर से हार गई, यहां कांग्रेस प्रत्याशी को कुल 32,028 वोट मिले। तिमारपुर विधानसभा सीट पर 'आप' 3310 वोटों से हार गई, यहां कांग्रेस प्रत्याशी को कुल 6997 वोट मिले। मालवीय नगर सीट 'आप' 2131 वोटों से हार गई, कांग्रेस प्रत्याशी को यहां कुल 6770 वोट मिले। राजेंद्र नगर से 'आप' 1231 वोटों से हार गई, यहां से कांग्रेस को कुल 4015 वोट मिले। संगम विहार सीट 'आप' 344 वोटों से हार गई, यहां कांग्रेस प्रत्याशी को कुल 15863 वोट मिले। दिल्ली कैंट विधानसभा सीट 'आप' 2029 वोटों से हार गई, यहां से कांग्रेस प्रत्याशी को कुल 4252 वोट मिले।