विनेश फोगाट के घर गूंजेगी किलकारी, शादी के 7 साल बाद बनेंगी मां; फैंस को दी गुड न्यूज
- रेसलर से राजनेता बनीं विनेश फोगाट ने फैंस को खुशखबरी दी है। उन्होंने बताया कि वह मां बनने वाली हैं। उनके घर नन्हे मेहमान की दस्तक होने वाली है।

दिग्गज रेसलर और हरियाणा के जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट मां बनने वाली हैं। विनेश ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह खुशखबरी अपने फैंस से साझा की है। विनेश ने साल 2018 में सोमवीर राठी से शादी रचाई थी। सोमवीर भी पेशे से पहलवान हैं। पेरिस ओलंपिक्स 2024 की निराशा के बाद विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास ले लिया था। शादी के सात साल बाद वह मां बनने वाली हैं।
विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पर अपनी और पति सोमवीर राठी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा-हमारी प्रेम कहानी जारी है, जिसमें अब एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। वहीं, पहलवान बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक ने विनेश और सोमवीर को बधाई दी है। विनेश फोगाट के ससुर राजपाल राठी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उनके घर में खुशियां आने वाली हैं।
कुश्ती से संन्यास ले राजनीति में उतरी
पेरिस ओलंपिक्स 2024 से विनेश फोगाट को डिसक्वालीफाई कर दिया गया था क्योंकि फाइनल मैच से ठीक पहले उनका वजन तय लिमिट से 100 ग्राम कम पाया गया था। भारत लौटने के बाद उन्होंने कुश्ती छोड़ने का फैसला कर सबको चौंका दिया था। इसके बाद विनेश राजनीति में उतरी। उन्होंने कांग्रेस पार्टी जॉइन की और 2024 हरियाणा विधानसभा चुनाव में जुलाना सीट से जीत हासिल की। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कैप्टन योगेश बैरागी को कड़े मुकाबले में 6005 वोटों से मात दी थी।
उपलब्धियों से भरा है करियर
25 अगस्त, 1994 को हरियाणा के चरखी दादरी में जन्मी विनेश फोगाट एक ऐसे परिवार से हैं, जिसके खून में कुश्ती है। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने की हैट्रिक लगाई है। उन्होंने 2014, 2018 और 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्णिम सफलता हासिल की। 2018 एशियाई खेलों में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता और 2014 में ब्रॉन्ज जीतने में सफल रहीं। विनेश ने 2019 और 2022 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीते। एशियाई चैंपियनशिप में भी उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और कई पदक जीते हैं। विनेश को कई अवॉर्ड्स से नवाजा जा चुका है। उन्हें 2014 में अर्जुन अवॉर्ड और 2022 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट: मोनी देवी