Vande Bharat: इस रूट की वंदे भारत पर आया बड़ा अपडेट, यात्रियों को लगेगा बड़ा झटका
- Vande Bharat Update: नागपुर-सिकंदराबाद वंदे भारत ट्रेन हफ्ते में गुरुवार को छोड़कर बाकी के छह दिन चलती है। नागपुर से सिकंदराबाद के लिए यह ट्रेन सुबह पांच बजे रवाना होती है और दोपहर सवा 12 पर पहुंचती है।

Vande Bharat: देशभर में विभिन्न रूटों पर वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। इन ट्रेनों से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। अब लोगों को स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों का इंतजार हो रहा है। इस बीच, पिछले साल लॉन्च हुई एक चेयर कार वंदे भारत पर बड़ा अपडेट सामने आया है। दरअसल, सेंट्रल रेलवे की एक वंदे भारत में कोच की संख्या को कम कर दिया गया है, जोकि यात्रियों के लिए किसी झटके से कम नहीं है। पहले जहां 20 कोच थे, अब आठ कोच ही रखे गए हैं।
ईटी नाऊ के अनुसार, यह वंदे भारत महाराष्ट्र के नागपुर से तेलंगाना के सिकंदराबाद के बीच चलती है। 578 किलोमीटर की दूरी महज सात घंटे 15 मिनट में तय करती है। अभी तक इस ट्रेन में 20 कोच थे, जिसे अब कम करके आठ कोच कर दिया जा रहा है। 19 फरवरी से यह फैसला लागू हो जाएगा। इस ट्रेन के टिकट प्राइस की बात करें तो एसी चेयर कार के लिए यात्रियों को 1350 रुपये खर्च करने होते हैं, जबकि एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 2605 रुपये किराया है।
नागपुर-सिकंदराबाद वंदे भारत ट्रेन हफ्ते में गुरुवार को छोड़कर बाकी के छह दिन चलती है। नागपुर से सिकंदराबाद के लिए यह ट्रेन सुबह पांच बजे रवाना होती है और दोपहर सवा 12 पर पहुंचती है। वहीं, सिकंदराबाद से नागपुर यह ट्रेन दोपहर एक बजे रवाना होती है, जबकि रात 8.20 पर पहुंच जाती है।
हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस में आठ की जगह 16 कोच की सुविधा
वहीं, दूसरी ओर वंदे भारत सेमी-हाई स्पीड ट्रेन की लोकप्रियता और बढ़ती मांग के मद्देनजर हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार को आठ कोच की जगह 16 कोच के साथ रवाना हुई। पूर्वी रेलवे के सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हावड़ा और पटना के बीच चलने वाली 22347/22348 वंदे भारत एक्सप्रेस अब आठ कोच के बजाय 16 कोचों के साथ चला करेगी। कोच में वृद्धि का उद्देश्य इस हाई-स्पीड रूट पर अधिक यात्रियों को समायोजित करना और यात्रा सुविधा को बढ़ाना है।