Vande Bharat: लो आ गई एक और खुशखबरी, इस नए रूट पर शुरू होने वाली हैं वंदे भारत; जान लें डिटेल्स
- Vande Bharat: बेलगावी से बेंगलुरु के बीच वंदे भारत ट्रेन अप्रैल के पहले हफ्ते से चल सकती है। हालांकि, यह ट्रेन वही होगी जो अभी बेंगलुरु से धारवाड़ के बीच चल रही है।

Vande Bharat, Indian Railways: देशभर में विभिन्न रूटों पर वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं। पिछले छह सालों में वंदे भारत लगभग सभी राज्यों को मिल गई हैं। हालांकि, अब स्लीपर वंदे भारत का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है और इसका इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। वहीं, चेयर कार वंदे भारत ट्रेनों पर भी लगातार खुशखबरी मिल रही है। जल्द ही नए रूट पर वंदे भारत ट्रेन शुरू हो सकती है।
'न्यूज फर्स्ट लाइव' के अनुसार, बेलगावी से बेंगलुरु के बीच वंदे भारत ट्रेन अप्रैल के पहले हफ्ते से चल सकती है। हालांकि, यह ट्रेन वही होगी जो अभी बेंगलुरु से धारवाड़ के बीच चल रही है। इसे एक्सटेंड करके बेलगावी तक चलाने की योजना है। इससे लाखों लोगों को फायदा मिलेगा। बेलगावी से बेंगलुरु के बीच वंदे भारत अप्रैल से चलने की उम्मीद है।
बेंगलुरु से धारवाड़ वाली वंदे भारत को बेलगावी तक विस्तार किए जाने को लेकर कुछ समय पहले ही केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और बीजेपी सांसद जगदीश शेट्टार ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी। इसके बाद ही लगने लगा था कि ट्रेन को बेलगावी तक चलाया जा सकता है। धारवाड़ से बेलगावी के बीच वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल रन भी किया जा चुका है। इसके लिए बेलगावी स्टेशन का भी रेनोवेशन हो रहा है। जो वंदे भारत बेलगावी से बेंगलुरु के बीच चलेगी उसका नंबर 20661 और 20662 होगा।
हाल ही में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा था कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मौजूदा बेंगलुरु-धारवाड़ वंदे भारत ट्रेन को बेलगावी तक विस्तारित करने के उनके अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, ''कुछ दिन पहले, हुबली में रेलवे के दक्षिण पश्चिमी क्षेत्र के महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पक्ष और विपक्ष पर चर्चा करने के लिए एक बैठक आयोजित की गई थी। हमारे निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप, केंद्रीय रेल मंत्री ने इस मुद्दे पर ध्यान दिया है और सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने वर्तमान में बेंगलुरु और धारवाड़ के बीच चल रही वंदे भारत ट्रेन को जल्द ही बेलगाम तक विस्तारित करने के लिए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।''