The participation of women increased in the Indian Army the recruitment of Agniveers showed women power - India Hindi News भारतीय सेना में बढ़ी महिलाओं की हिस्सेदारी, अग्निवीरों की भर्ती से दिखी नारीशक्ति, India Hindi News - Hindustan
Hindi NewsIndia NewsThe participation of women increased in the Indian Army the recruitment of Agniveers showed women power - India Hindi News

भारतीय सेना में बढ़ी महिलाओं की हिस्सेदारी, अग्निवीरों की भर्ती से दिखी नारीशक्ति

सेना में अधिकारी और निचले स्तर पर महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ गई है। सरकार ने संसद में यह जानकारी दी। सरकार ने कहा कि नौसेना और वायुसेना में महिला अग्निवीरों की भर्ती से नारीशक्ति बढ़ी है।

Ankit Ojha हिंदुस्तान, नई दिल्लीSat, 5 Aug 2023 06:28 AM
share Share
Follow Us on
भारतीय सेना में बढ़ी महिलाओं की हिस्सेदारी, अग्निवीरों की भर्ती से दिखी नारीशक्ति

तीनों सेनाओं में महिलाओं के लिए कई शाखाओं के दरवाजे खोलने से अब उनकी हिस्सेदारी में बढ़ोतरी हो रही है। सेना में जहां 12 नई शाखाएं महिला अधिकारियों के लिए खोली गई हैं, वहीं नौसेना एवं वायुसेना में महिला अग्निवीरों के भर्ती से उनकी संख्या तेजी से बढ़ रही है। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को संसद में दी गई जानकारी में बताया कि मेडिकल, डेंटल और नर्सिग कोर के अलावा 12 और नई शाखाओं में महिला अधिकारियों को मौके दिए जा रहे हैं। वहीं निचले रैंक में महिला पुलिस की भर्ती हो रही है।

मौजूदा समय में सेना में 1733 अधिकारी एवं 100 महिला मिलिट्री पुलिसकर्मी तैनात हैं। यह संख्या पहले की तुलना में बढ़ी है। इसके अलावा 2022 से एनडीए में महिला उम्मीदवारों को भी मौके दिए जा रहे हैं तथा 2025 से उनके पहले बैच की सेना में एंट्री हो जाएगी। इसी प्रकार वायुसेना में मौजूदा समय में 1654 अफसर हैं तथा 115 वायुसैनिक यानी अग्निवीर हैं। नौसेना में 580 अधिकारी तथा 726 नाविक अग्निवीर हैं। थल सेना ने अभी महिला अग्निवीरों के लिए दरवाजे नहीं खोले हैं। हालांकि, मिलिट्री पुलिस में हर साल 100 महिलाओं की भर्ती की योजना पर कार्य चल रहा है।

मेडिकल कोर में 6591 महिला अधिकारी तैनात
इसके अलावा तीनों सेनाओं के मेडिकल, डेंटल एवं नर्सिग कोर में 6591 महिला अधिकारी एवं कार्मिक तैनात हैं। इनमें सेना में 5221, नौसेना में 581 तथा वायुसेना में 699 महिलाकर्मी शामिल हैं। वायुसेना में लड़ाकू विमानों में पहले ही महिला पायलटों की नियुक्ति हो रही है। जबकि नौसेना ने युद्धक पोतों में भी महिला अधिकारियों की नियुक्ति की है। साथ ही टोही विमानों के पायलट के रूप में भी उन्हें भर्ती करना शुरू कर दिया है। थल सेना में महिलाओं को भी वैमानिकी कोर में बतौर पायलट नियुक्त किया जा रहा है।

2019 में संसद में यह दी गई थी जानकारी

बता दें कि 2019 में संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, थल सेना में महिला अफसरों की कुल संख्या 1561 बताई गई थी। तब तक मिलिट्री पुलिस में महिलाओं की भर्ती शुरू नहीं हुई थी। वहीं वायुसेना में महिला अफसरों की संख्या 1598 और नौसेना में तब 639 महिला अधिकारी थीं। हालांकि, उनकी संख्या कम हुई है लेकिन वायुसेना एवं नौसेना में महिला अग्निवरों के आने से कुल संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।