नए साल में वैष्णो देवी जाने का है प्लान? नई वंदे भारत सफर बनाएगी सुहाना; जानिए किराया और टाइमिंग
Vande Bharat Express: नई दिल्ली से कटरा के बीच में एक वंदे भारत पहले से ही चलती थी, मगर यात्रियों की भारी डिमांड पर इसी रूट पर दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की गई।

Mata Vaishno Devi Katra Vande Bharat: अगर आप नए साल में श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी है! अब नई दिल्ली से दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस को शुरू किया गया है जो श्रद्धालुओं को माता वैष्णो देवी के दर्शन कराएगी। नई दिल्ली से कटरा के बीच में एक वंदे भारत पहले से ही चल रही है, मगर यात्रियों की भारी डिमांड पर इसी रूट पर दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते महीने दिसंबर में इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। कमर्शियली यह ट्रेन 31 दिसंबर से चालू कर दी गई है। इस ट्रेन की टाइमिंग इस रूट पर पहले से चलने वाली वंदे भारत से अलग होने वाली है। आइए जानते हैं नई वंदे भारत की टाइमिंग और किराए के बारे में
इन रूट पर होगा पड़ाव
इस रूट पर चलने वाले पहली वंदे भारत सुबह दिल्ली से चलती थी और दोपहर बाद कटरा से रवाना होती थी। अब दूसरी वंदे भारत सुबह कटरा से रवाना होगी और दोपहर तक नई दिल्ली पहुंचेगी और फिर शाम को नई दिल्ली से रवाना होगी और देर रात कटरा पहुंचाएगी। नई दिल्ली से चलने वाली दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस की रवानगी का समय शाम तीन बजे है, जो रात 23:16 तक कटरा पहुंचाएगी। नई दिल्ली से चलकर नई वंदे भारत अंबाला कैंट, लुधियाना, जम्मू तवी और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच रूकेगी।
कितना है किराया
शाम 3 बजे (15:00) नई दिल्ली से खुलने वाली वंदे भारत में कटरा तक के लिए किराया 1600 रुपये चेयरकार के लिए वसूला जा रहा है, जबकि एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए किराया 3000 रुपये है। नई दिल्ली से चलकर यह ट्रेन 17:10 पर अंबाला कैंट, 18:20 पर लुधियाना जंक्शन, 21:38 पर जम्मू तवी और अपने आखिरी पड़ाव श्री माता वैष्णो देवी कटरा 23:16 पर पहुंचेगी।
पड़ाव में हो सकता है बदलाव
आने वाले दिनों में इस ट्रेन के पड़ाव में बदलाव किया जा सकता है। नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन उधमपुर और कठुआ रेलवे स्टेशनों पर भी रुकेगी। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने अपने एक बयान में कहा था कि यह ट्रेन उधमपुर और कठुआ में भी रुकेगी। इन स्टेशनों के पर रुकने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। बता दें जब से 2019 में कटरा और दिल्ली से पहली वंदे भारत ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ है, तब से कठुआ और उधमपुर में भी इसके ठहराव की लगातार मांग हो रही है।