करगिल युद्ध लड़ा, श्रीलंका भी गया मगर पत्नी की रक्षा नहीं कर सका; मणिपुर Video पर रिटायर्ड जवान का दर्द
रिटायर्ड जवान ने इंटरव्यू में कहा, 'मैंने करगिल युद्ध में देश के लिए लड़ाई लड़ी है। भारतीय शांति सेना के हिस्से के रूप में श्रीलंका में भी गया था। मैंने देश की रक्षा की लेकिन आज निराश हूं।'

मणिपुर में 4 मई की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरा देश गुस्से में है। वीडियो में दो महिलाओं को नग्न अवस्था में घुमाते और भीड़ की ओर से उनके साथ छेड़छाड़ करते देखा गया। राज्य के कांगपोकपी में नग्न परेड और छेड़छाड़ की शिकार दो महिलाओं में से एक के पति ने दावा किया कि वह करगिल युद्ध में देश के लिए लड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह भारतीय शांति सेना के हिस्से के रूप में श्रीलंका भी गए थे। हालांकि, दुख की बात यह है कि वह 4 मई को अपनी पत्नी को अपमानित होने से नहीं बचा सके।
असम रेजिमेंट के सूबेदार के रूप में भारतीय सेना की सेवा कर चुके रिटायर्ड जवान ने हिंदी न्यूज चैनल को इंटरव्यू दिया। इस दौरान उन्होंने कहा, 'मैंने कारगिल युद्ध में देश के लिए लड़ाई लड़ी है। भारतीय शांति सेना के हिस्से के रूप में श्रीलंका में भी गया था। मैंने देश की रक्षा की लेकिन आज निराश हूं। मैं इस बात से निराश हूं कि रिटायर्ड होने के बाद मैं अपने घर, अपनी पत्नी और साथी ग्रामीणों की रक्षा नहीं कर सका। मैं दुखी और हताश हूं। मैं चाहता हूं कि उन सभी लोगों को कड़ी सजा दी जाए, जिन्होंने घर जलाए और महिलाओं का अपमान किया है।'
पीड़िता बोली- खेत में मुझे 3 लोगों ने घेरा
इस बीच, वीडियो में दिख रहीं पीड़िताओं में से एक ने न्यूज पोर्टल से बातचीत की है। उन्होंने बताया कि जब उन्हें नग्न करके घुमाया गया तब आदमियों ने उसे खेत में लेटने के लिए कहा। उन्होंने कहा, 'तीन लोगों ने मुझे घेर लिया था। उनमें से एक ने दूसरे से कहा कि इसका बलात्कार करते हैं। मगर, मैं भाग्यशाली रही कि मेरे साथ ऐसा नहीं हुआ। मेरा बलात्कार नहीं हुआ लेकिन मेरे साथ छेड़छाड़ की गई।' पीड़िता ने कहा कि मैं चाहती हूं कि दोषियों के खिलाफ कड़ा ऐक्शन लिया जाए, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।
इस मामले में 5वां आरोपी गिरफ्तार
वहीं, पुलिस ने इस मामले में 5वें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पांचवें आरोपी की पहचान 19 वर्षीय युवक के रूप में की गई है। 4 मई को मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में गिरफ्तार 4 आरोपियों को शुक्रवार को 11 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। इन लोगों को घटना का वीडियो शेयर होने के एक दिन बाद गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद भीड़ ने उसका घर आग के हवाले कर दिया था।
भीड़ को उकसाता नजर आया मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, वीडियो में मुख्य आरोपी कांगपोकपी जिले के बी फेनोम गांव में भीड़ को साफ तौर पर उकसाता नजर आ रहा है। उसने बताया कि जिन दो महिलाओं के साथ यह शर्मनाक घटना हुई, उनमें से एक भारतीय सेना के पूर्व जवान की पत्नी है, जिसने असम रेजिमेंट में सूबेदार के रूप में सेवाएं दी थीं और करगिल युद्ध में भी हिस्सा लिया था। घटना से जुड़े वीडियो को लेकर कांगपोकपी जिले के सैकुल पुलिस थाने में 21 जून को शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, भीड़ ने चार मई को एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी, जिसने कुछ लोगों को अपनी बहन से दुष्कर्म करने से रोकने की कोशिश की थी। इसके बाद दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया गया और दूसरे लोगों के सामने ही उनका यौन उत्पीड़न किया गया।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।