भारत की GDP में YouTube का बड़ा योगदान, 7.5 लाख से ज्यादा भारतीयों को दिलाया रोजगार
रिपोर्ट में कहा गया, "2021 में भारतीय अर्थव्यवस्था में YouTube के क्रिएटिव इकोसिस्टम ने 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया। साथ ही इसने 7,50,000 से अधिक फुट-टाइम रोजगार पैदा किए।

भारत की आर्थव्यवस्था में ऑनलाइन वीडियो प्लेटफॉर्म यूट्यूब (YouTube) ने भी बड़ा योगदान दिया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, YouTube के इकोसिस्टम ने भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया है। यही नहीं, YouTube ने देशभर में 7.5 लाख से अधिक फुल टाइम रोजगार भी पैदा किए हैं। भारत में, 4,500 से अधिक चैनलों के 10 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। 2021 में भारत में 1 लाख रुपये या उससे अधिक वार्षिक राजस्व अर्जित करने वाले YouTube चैनलों की संख्या में साल-दर-साल 60 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स के एनालिसिस पर आधारित द यूट्यूब इम्पैक्ट रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट में कहा गया, "2021 में भारतीय अर्थव्यवस्था में YouTube के क्रिएटिव इकोसिस्टम ने 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया। साथ ही इसने 7,50,000 से अधिक फुट-टाइम रोजगार पैदा किए। भारत की अर्थव्यवस्था पर यह आर्थिक प्रभाव 'प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष, प्रेरित और उत्प्रेरक' प्रभाव के माध्यम से चार तरीकों से दिखाई देता है।"
वीडियो प्लेटफॉर्म ने अपने ब्लॉग में बताया कि YouTube ने केवल हेल्थ कंडीशन (स्वास्थ्य से संबंधित) वीडियोज पर 2021 में 30 बिलियन से अधिक व्यूज दर्ज किए। इसके अलावा, YouTube ने बताया कि उसने भारत में 100 से अधिक हेल्थ कंडीशन (चिकित्सा स्थितियों) को कवर करने के लिए बड़े अस्पतालों को जोड़ने का फैसला किया है। इसने कहा कि स्वास्थ्य से जुड़ा विश्वसनीय कंटेंट प्रदान करने के लिए नारायण हेल्थ, मणिपाल हॉस्पिटल्स, मेदांता और शाल्बी मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल्स जैसे स्वास्थ्य संस्थानों को ऑनबोर्ड करने का निर्णय लिया है।
ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स ने 2021 में YouTube के प्रभाव का विश्लेषण करने के लिए 4,021 YouTube यूजर्स, सभी छोटे, बड़े 5,633 क्रिएटर्स और 523 बिजनेस का सर्वेक्षण किया। रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में काम कर रहे प्रत्येक दो यूजर्स में से एक YouTube का इस्तेमाल इसलिए कर रहा है ताकि वह अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए अपनी स्किल्स को और डेवलप कर सके। इसके अलावा, नई नौकरी की तलाश कर रहे 45 प्रतिशत यूजर्स नई स्किल्स सीखने के लिए यूट्यूब का इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि उन्हें बढ़िया नौकरी मिल सके।
रिपोर्ट में कहा गया, "YouTube एक ग्लोबल रिसोर्स बन चुका है। शिक्षक, छात्र और माता-पिता तेजी से YouTube का इस्तेमाल कर रहे हैं और जरूरी चीजें उससे सीख रहे हैं। YouTube (या 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए YouTube Kids) का इस्तेमाल करने वाले 83 प्रतिशत माता-पिता इस बात से सहमत हैं कि YouTube उनके बच्चों के लिए लिए लर्निंग को अधिक मजेदार बनाता है। YouTube का इस्तेमाल करने वाले 76 प्रतिशत शिक्षक इस बात से सहमत हैं कि YouTube छात्रों को सीखने में मदद करता है।"
रिपोर्ट में कहा गया है कि महिलाएं अक्सर ऐसी चीजें सीखने के लिए YouTube की ओर रुख करती हैं जो उनके दैनिक जीवन को बेहतर बनाती हैं। महिलाएं व्यावहारिक कौशल जैसे कि टायर बदलना, बिजनेस के तरीके सीखना, अपने काम को मोनेटाइज करने के तरीकों के बारे में जानना या फिर मोटिवेशनल सलाह के लिए भी यूट्यूब का रुख करती हैं।
इसमें पाया गया कि 77 प्रतिशत महिला यूजर्स इस बात से सहमत हैं कि YouTube आजीवन सीखने के लिए एक सहायक मंच है। 56 प्रतिशत महिला यूजर्स इस बात से सहमत हैं कि YouTube उन्हें कौशल सीखने में मदद करता है जो उनके दैनिक जीवन में मदद करता है। 90 प्रतिशत महिला क्रिएटर्स इस बात से सहमत हैं कि उन्हें अपने जुनून और विचारों को साझा करने में मदद करता है और 88 प्रतिशत महिला क्रिएटर्स इस बात से सहमत हैं कि YouTube उन्हें रचनात्मक बनाने में मदद करता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।