Hindi Newsदेश न्यूज़Himachal elections BJP and Congress cautious about dissidents Aam Aadmi Party knock increased electoral agitation - India Hindi News

हिमाचल चुनाव: असंतुष्टों को लेकर भाजपा और कांग्रेस सतर्क, आम आदमी पार्टी की दस्तक से बढ़ी चुनावी सरगर्मी

हिमाचल में चुनावी गर्मी बढ़ने लगी है। बीते साल हिमाचल की एक लोकसभा और 3 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस जीत दर्ज करने में कामयाब रही है। भाजपा को हराने के बाद कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं।

Himanshu हिन्दुस्तान, नई दिल्ली।Fri, 22 April 2022 05:38 AM
share Share

हिमाचल प्रदेश में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला तो सत्तारूढ़ भाजपा व विपक्षी कांग्रेस में ही है, लेकिन पंजाब में चुनावी जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी भी यहां पर दस्तक दे रही है। ऐसे में भाजपा व कांग्रेस दोनों सतर्क हैं क्योंकि उनके असंतुष्ट आम आदमी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा लगातार राज्य का दौरा कर चुनावी तैयारियों पर सीधी नजर रखे हुए हैं। नड्डा का गृह राज्य होने से इसका महत्व काफी ज्यादा है।

प्राकृतिक रूप से ठंडे हिमाचल में चुनावी गर्मी बढ़ने लगी है। बीते साल हिमाचल की एक लोकसभा और 3 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस जीत दर्ज करने में कामयाब रही है। इन सीटों पर भाजपा को हराने के बाद कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं। दूसरी ओर पड़ोसी पंजाब में बड़ी जीत हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी अब हिमाचल में भी अपनी जड़े जमाने की कोशिश में जुटी है। ऐसे में भाजपा को दोहरे मोर्चे पर जूझना पड़ रहा है। भाजपा ने हाल मे आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं को भाजपा में शामिल कर उसे बड़ा झटका दिया, लेकिन कांग्रेस की चुनौती उसके लिए दिक्कत दे सकती है।

विधायकों के रिपोर्ट कार्ड पर भाजपा की नजर
सूत्रों के अनुसार भाजपा ने भावी चुनौती को देखते हुए अपनी चुनावी तैयारियों को चाक चौबंद करना शुरू कर दिया है। हर विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा की जा रही है और हर भाजपा विधायक के रिपोर्ट कार्ड पर पैनी नजर रखी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि टिकट काटने से लेकर टिकट तय करने में हर क्षेत्र के सामाजिक व राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखा जाएगा। पार्टी के एक प्रमुख नेता का कहना है कि इस बार असंतु्ष्टों के लिए आम आदमी पार्टी का एक नया प्लेटफार्म उपलब्ध होने से ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है।

मुकाबला हो सकता है कड़ा
2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 68 में से 44 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। कांग्रेस को 21 सीटें मिली थी। एक सीट माकपा को और दो सीटों पर निर्दलीय जीते थे। लेकिन इस बार स्थितियां वैसी नहीं है। कांग्रेस ने इस बीच अपनी ताकत दिखाई है, लेकिन उसमें नेतृत्व को लेकर उहापोह है।

बढ़ी अनुराग ठाकुर की सक्रियता
इस बार होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा की कोशिश हिमाचल में पार्टी के नए नेतृत्व को उभारने की है। भाजपा की ये कोशिश भविष्य के लिए भाजपा की तैयारी है। हालांकि पार्टी मौजूदा मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ने जा रही है, लेकिन केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। राज्य में उनको भाजपा का भविष्य का चेहरा माना जा रहा है।

नड्डा का एक महीने में दूसरा दौरा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा का गृह राज्य होने से उनकी सक्रियता भी लगातार बढ़ी है। जिस तरह से गुजरात को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह अतिरिक्त रूप से सक्रिय हैं, उसी तरह हिमाचल में नड्डा कमान संभाले हुए हैं। नड्डा इस महीने में दूसरी बार राज्य के दौरे पर 22-23 अप्रैल को जा रहे हैं। इस दौरान वह कांगड़ा जिले के कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके पहले नड्डा 11 अप्रैल को भी हिमाचल के दौरे पर गए थे और तब उन्होंने शिमला व बिलासपुर का दौरा किया था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें