Heavy rains lashed several parts of North India Fifteen people killed landslides blood incidents - India Hindi News देश में जल तांडव! दिल्ली से हिमाचल तक भारी बारिश से हाहाकार, बाढ़-भूस्खलन से जुड़ी घटनाओं में 15 की मौत, India Hindi News - Hindustan
Hindi Newsदेश NewsHeavy rains lashed several parts of North India Fifteen people killed landslides blood incidents - India Hindi News

देश में जल तांडव! दिल्ली से हिमाचल तक भारी बारिश से हाहाकार, बाढ़-भूस्खलन से जुड़ी घटनाओं में 15 की मौत

यूपी में मॉनसून पूरे जोर पर है। रविवार को प्रदेश में बड़े पैमाने पर अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। पिछले कई दिनों से जल भरण क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होने से नदियों का जल स्तर बढ़ गया है।

Niteesh Kumar एजेंसी, नई दिल्लीSun, 9 July 2023 10:57 PM
share Share
Follow Us on
देश में जल तांडव! दिल्ली से हिमाचल तक भारी बारिश से हाहाकार, बाढ़-भूस्खलन से जुड़ी घटनाओं में 15 की मौत

उत्तर भारत के कई हिस्सों में रविवार को मूसलाधार बारिश हुई। भूस्खलन और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि दिल्ली में यमुना सहित ज्यादातर नदियां उफान पर हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लगातार बारिश के मद्देनजर स्थिति का रविवार को जायजा लिया। उन्होंने पंजाब और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों व दिल्ली, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपालों से बात की। गृह मंत्री ने उन्हें बारिश से उत्पन्न स्थिति से निपटने में सभी केंद्रीय मदद का आश्वासन दिया। शाह ने जम्मू कश्मीर में अमरनाथ तीर्थयात्रियों की मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की सराहना की। चलिए जानते हैं कि देश के अलग-अलग राज्यों में इस जल तांडव ने किस तरह की तबाही मचाई है और कब तक राहत मिलने के आसार हैं.... 

यूपी के ज्यादातर हिस्सों में हुई बारिश
उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून पूरे जोर पर है। रविवार को प्रदेश में बड़े पैमाने पर अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। पिछले कई दिनों से जल भरण क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होने से नदियों का जल स्तर बढ़ गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में रविवार को औसतन 13.6 मिमी (1.3 सेमी) बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 56% अधिक है। इसे अतिरिक्त वर्षा के रूप में वर्गीकृत किया गया है। राज्य के कुल 75 जिलों में से करीब 68 में बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में राज्य के मध्य व पूर्वी हिस्सों के जिलों की तुलना में अधिक बारिश हुई।

रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान सहारनपुर जिले के नकुड़ में सबसे ज्यादा 15 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बरेली के बहेड़ी में 13 सेंटीमीटर, संभल, बेहट (सहारनपुर), मुरादाबाद और सहारनपुर में 8-8, बागपत के बड़ौत, फिरोजाबाद के जसराना में साथ-साथ मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, बरेली के नवाबगंज और मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में 6-6 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजधानी लखनऊ में बारिश के कारण कई हिस्सों में जलभराव हो गया। इससे यातायात बाधित हुआ। अगले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के ज्यादातर स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान है। आगामी 11 और 12 जुलाई को भी राज्य के ज्यादातर स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा में बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में रविवार को भारी बारिश  हुई, जिसकी वजह से निचले इलाकों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में हरकत में आना पड़ा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कैबिनेट मंत्रियों, उपायुक्तों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) और अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में जाने और लोगों की मदद करने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा में अंबाला जिले से बहने वाली तीन नदियां मारकंडा, घग्गर और टांगरी खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। 

अधिकारियों ने कहा कि अंबाला छावनी के पास टांगरी तट के करीब रहने वाले कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। पंजाब में रोपड़ हेडवर्क्स से 1.45 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया और बांध के फाटक खोल दिए गए हैं। सुखना झील के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण बांध के दो फाटक खोले गए हैं।। घग्गर नदी और इसकी सहायक नदियों में रविवार को जलस्तर बढ़ गया मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बारिश का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रहने वाला है। 

दिल्ली-नोएडा-गुरुग्राम में सभी स्कूल सोमवार को बंद 
दिल्ली और एनसीआर में शामिल गुरुग्राम और नोएडा शहर के सभी स्कूल मूसलाधार बारिश के मद्देनजर सोमवार को बंद रहेंगे। राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर और उत्तर-पश्चिमी भारत के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार से मूसलाधार बारिश हो रही है। इसके चलते जलभराव, अचानक बाढ़ आने, मकानों के ढहने की घटनाएं हुई हैं और इनमें लोगों की मौत हुई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शहर के विद्यालयों के प्रिंसिपल्स को नोटिस भेजकर कहा गया है कि सभी सरकारी और निजी स्कूल विद्यार्थियों के लिए सोमवार को बंद रहेंगे। लेकिन शिक्षकों को पहले की तरह स्कूल आने का निर्देश दिया गया है।

IMD ने कहा, 'दिल्ली में रविवार सुबह आढ़े आठ बजे तक 153 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वर्ष 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में हुई यह सर्वाधिक बारिश है।' इस बीच, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने भी घोषणा की है कि नगर निकाय द्वारा संचालित सभी स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे। गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने ट्वीट किया, 'जिले में भारी बारिश को ध्यान में रखते हुए 10 जुलाई को जिले के सभी बोर्ड के सभी विद्यालयों में पहली से 12वीं तक की कक्षाएं बंद रहेंगी।' वहीं, भारी बारिश के कारण गुरुग्राम के कई हिस्सों में जलभराव और यातायात जाम की समस्या उत्पन्न हो गई, जिस कारण प्रशासन ने निजी कंपनियों को अपने कर्मचारियों से सोमवार को घर से काम कराने की सलाह दी और विद्यालयों को छुट्टी की घोषणा करने की सलाह दी।

हिमाचल में भूस्खलन से 5 लोगों की मौत, उफान पर नदियां
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ में 5 लोगों की मौत हो गई। कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। इस बीच, प्रशासन ने 2 दिनों लिए विद्यालयों और कॉलेजों को बंद करने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने बताया कि सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। स्थानीय मौसम विभाग कार्यालय ने 9 जुलाई को किन्नौर और लाहौल व स्पीति के आदिवासी जिलों को छोड़कर 12 जिलों में से 10 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए 9 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम कार्यालय ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, सिरमौर और मंडी जिलों में अचानक बाढ़ आने की भी चेतावनी दी है।

राज्य आपदा अभियान केंद्र के अनुसार, राज्य में बीते 36 घंटों में भूस्खलन की 14 बड़ी घटनाएं और अचानक बाढ़ आने की 13 घटनाएं हुईं। इस दौरान 700 से अधिक सड़कें बंद कर दी गईं। मनाली में भारी बारिश से दुकानों के बहने और कुल्लू, किन्नौर तथा चंबा में अचानक नाले में आई बाढ़ में वाहनों के बह जाने और कृषि भूमि को नुकसान होने की भी खबरें सामने आई हैं। शिमला जिले में कई सड़कें बंद कर दी गई हैं। शिमला जिले के कोठगढ़ इलाके में भूस्खलन से एक घर ढह गया, जिसमें एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। कुल्लु शहर में भी भूस्खलन से एक कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया जिसमें एक महिला की मौत हो गई। एक अन्य हादसे में चंबा तहसील के कातियान में शनिवार रात भूस्खलन के मलबे में एक व्यक्ति दफन हो गया।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश, 2 सैनिकों समेत 5 की मौत
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में रविवार को लगातार तीसरे दिन भी भारी बारिश और बेमौसम बर्फबारी जारी रही। बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 2 सैनिकों समेत 5 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, जलाशयों के जलस्तर में वृद्धि के कारण मौसम विभाग ने जम्मू क्षेत्र और लद्दाख के कुछ हिस्सों के लिए सोमवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि जम्मू क्षेत्र के कई निचले इलाकों के लोगों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जम्मू कश्मीर के पुंछ में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में बहे 2 सैनिकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सेना के दोनों जवान सुरानकोट इलाके में डोगरा नाले को पार कर रहे थे और इस दौरान वे तेज बहाव में बह गए। नायब सूबेदार कुलदीप सिंह का शव शनिवार रात डोगरा नाले से निकाल लिया गया, जबकि लांस नायक तेलु राम का शव रविवार को बरामद हुआ। दोनों सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सेना ने कहा कि हादसे के वक्त जवान क्षेत्र में गश्त लगा रहे थे। इस बीच, डोडा में भंगरून थाथरी-गंदोह गांव रोड पर एक यात्री बस भूस्खलन की चपेट में आ गई, जिसमें 2 यात्रियों की मौत हो गई। भद्रवाह के पुलिस अधीक्षक विनोद शर्मा ने कहा कि दोनों यात्रियों की पहचान आमिर सोहेल और मुदस्सर अली के रूप में हुई है। इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल भी हुआ है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।