Delhi MCD Fight Standing Committee Atishi Parshad Video BJP AAP - India Hindi News AAP विधायक आतिशी ने कान में ऐसा क्या बोला कि भड़क गईं पार्षद, फिर जमकर हुआ बवाल; देखें VIDEO, India Hindi News - Hindustan
Hindi NewsIndia NewsDelhi MCD Fight Standing Committee Atishi Parshad Video BJP AAP - India Hindi News

AAP विधायक आतिशी ने कान में ऐसा क्या बोला कि भड़क गईं पार्षद, फिर जमकर हुआ बवाल; देखें VIDEO

MCD Fight: आतिशी पार्षद के कान में कुछ कहते हुए दिखाई दे रही हैं। इसके बाद पार्षद ने अन्य पार्षदों के पास जाकर जमकर बवाल किया। इसके जरिए पार्टी 'आप' पर मारपीट करने का आरोप लगा रही है।

Madan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 24 Feb 2023 11:36 PM
share Share
Follow Us on
AAP विधायक आतिशी ने कान में ऐसा क्या बोला कि भड़क गईं पार्षद, फिर जमकर हुआ बवाल; देखें VIDEO

MCD Atishi Video: एमसीडी की स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव के बीच आम आदमी पार्टी और भाजपा के पार्षदों के बीच सदन में शुक्रवार को फिर बवाल हुआ। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर गुंडागर्दी और मारपीट का आरोप लगाया है। सदन में आप-भाजपा पार्षदों की मारपीट के कई वीडियो सामने आए हैं। कुछ वीडियोज में पार्षदों को एक-दूसरे पर हाथापाई, लात-घूंसे चलाते हुए देखा जा सकता है। वहीं, एक नया वीडियो सामने आया है, जिसको लेकर आप विधायक आतिशी पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। 

वीडियो में आतिशी एक महिला पार्षद के कान में कुछ कहते हुए दिखाई दे रही हैं। इसके बाद उस पार्षद ने अन्य पार्षदों के साथ खूब बवाल किया। सदन के अंदर के वीडियो में आतिशी से बात करने के बाद वह पार्षद एक पुरुष से भिड़ती हैं और फिर थप्पड़ तक जड़ देती हैं। वह अन्य पार्षदों से तू-तू, मैं-मैं करते हुए देखी जा सकती हैं। वीडियो जारी करते हुए भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। इसके जरिए पार्टी 'आप' पर मारपीट करने का आरोप लगा रही है।

सदन में बवाल के बाद दिल्ली की पूर्व मेयर और भाजपा नेता आरती मेहरा ने कहा कि हमारे पास वीडियो है, जिसमें आतिशी अपनी स्टैंडिंग कमेटी की सदस्य सरिता चौधरी को निर्देश दे रही हैं कि मारो और फिर एक के बाद एक लोग मारने के लिए आ जाते हैं। हम इसकी हर जगह शिकायत करेंगे। सबसे पहले हम कोर्ट जाएंगे। वहीं, आतिशी ने भाजपा पार्षदों पर हाथापाई करने का आरोप लगाया।

आतिशी ने कहा, ''भाजपा ने अपनी गुंडागर्दी का प्रमाण देश के सामने रखा है। भाजपा को जैसे लगा कि वे स्टैंडिंग कमेटी का चुनाव हार रहे हैं, तभी उन्होंने दिल्ली की महिला मेयर पर स्टेज पर चढ़कर बुरी तरह से हमला किया। मेयर को अपनी जान को बचाने के लिए सदन से बाहर जाना पड़ा। वहां भी भाजपा पार्षदों ने उन पर हमला किया।'' उन्होंने आगे कहा कि यह भाजपा की गुंडागर्दी है। जब वे हार गए हैं तो उन्हें अपनी हार स्वीकार कर लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'भाजपा की गुंडागर्दी को देखकर पूरा देश शर्मशार हो गया है। मेयर ने उनकी सभी मांगों को स्वीकार किया और फोन की भी इजाजत नहीं दी। फिर से वोटिंग करवाई। ऐसी बूथ कैप्चरिंग 30 साल पहले बिहार में नहीं होती थी, जो आज राजधानी में भाजपा पार्षदों ने की है।'

एमसीडी में स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव के लिए पहले वोट पड़ा, लेकिन जब नतीजों की बारी आई तो बवाल हो गया। पार्षदों ने सदन को डब्ल्यूडब्ल्यूई का अखाड़ा बना दिया। जिस सदन के अंदर बैठ कर दिल्ली की जनता की भलाई के लिए योजनाएं बनती हैं वहां कैसे पार्षद एक-दूसरे को लात, घूसे और मुक्के से पीट रहे थे इसकी तस्वीर आप भी देख कर हैरान रह जाएंगे। वहीं, हंगामे के बीच एक पार्षद अशोक मनु अचेत हो गए और उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। 

एक वोट अवैध घोषित किए जाने पर मचा बवाल
दिल्ली की नवनियुक्त महापौर शैली ओबेरॉय द्वारा नगर निगम की एक प्रमुख समिति के छह सदस्यों के चुनाव में एक मत को अवैध घोषित किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के सदस्यों के बीच बवाल मचा। पंकज, स्थायी समिति चुनाव में एक उम्मीदवार हैं। स्थायी समिति के छह सदस्यों के लिए चुनाव प्रक्रिया सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई और दोपहर 2:30 बजे संपन्न हुई। चुनाव संपन्न होने के दस मिनट बाद मतगणना शुरू हुई। जो दो घंटे से अधिक समय तक चली। महापौर शैली ओबेरॉय ने सदस्यों से कहा कि परिणाम अवैध वोट के बिना घोषित किया जाएगा। जिसका भाजपा सदस्यों ने विरोध किया। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया और भाजपा व आप के पार्षद भिड़ गए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।