Hindi Newsदेश न्यूज़Congress Leader Rahul Gandhi Campaign In Gujarat On November 22 Amid Bharat Jodo Yatra - India Hindi News

'भारत जोड़ो यात्रा' से ब्रेक लेंगे राहुल गांधी, 22 नवंबर को गुजरात में करेंगे चुनाव प्रचार

हिमाचल प्रदेश में विधान सभा चुनाव संपन्न होने के बाद कांग्रेस ने अपना पूरा जोर मिशन गुजरात पर फोकस कर दिया है। इसके तहत पार्टी 15 दिनों में 25 मेगा रैली करेगी जो 125 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी।

Pramod Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 14 Nov 2022 02:59 AM
share Share

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 22 नवंबर को गुजरात में चुनाव प्रचार करेंगे। वह कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा से ब्रेक लेकर गुजरात का दौरा करेंगे। गुजरात में दो चरणों में 1 और 5 दिसंबर को चुनाव होने हैं। वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी।

हिमाचल प्रदेश में विधान सभा चुनाव प्रचार नहीं करने के कारण पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष को भाजपा की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है, जहां 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव हुए थे। अब हिमाचल में चुनाव खत्म होने के साथ ही कांग्रेस गुजरात पर फोकस कर रही है। अगले कुछ हफ्तों में, कांग्रेस के प्रमुख पार्टी नेताओं द्वारा चुनावी राज्य में कई प्रचार रैलियां निर्धारित की गई हैं।

इसके तहत पार्टी आगामी 15 दिनों में कुल 25 मेगा रैली करेगी जो 125 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगा। कांग्रेस की ये रैलियां आक्रामक चुनावी रणनीति के तहत होंगी, जिसमें पार्टी के तमाम बड़े नेता शिरकत करेंगे।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, दोनों मुख्यमंत्री - अशोक गहलोत और भूपेश बघेल; कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्रियों और ओबीसी-एससी-एसटी-अल्पसंख्यक वर्ग के बड़े नेता भी आगामी दिनों में गुजरात में चुनावी रैलियां और चुनाव प्रचार करेंगे। 

इस बीच, कांग्रेस ने गुजरात चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की छठी सूची जारी कर दी है। इस ताजा सूची के जारी होने के साथ ही पार्टी ने अब तक राज्य की 142 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने 4 नवंबर को अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें 43 उम्मीदवारों के नाम थे। 46 उम्मीदवारों की दूसरी सूची 10 नवंबर को घोषित की गई थी। सात उम्मीदवारों की सूची शुक्रवार को जारी की गई थी। हालांकि, एक पहले नामित उम्मीदवार के स्थान पर था।

विपक्षी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) गुजरात में भाजपा के 27 साल के शासन को खत्म करना चाह रही हैं।
 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें