Notification Icon
Hindi Newsदेश न्यूज़CDS Rawat and Kalyan Singh awarded Padma Vibhushan posthumously - India Hindi News

पद्म पुरस्कारों का ऐलान, CDS रावत- कल्याण सिंह को मरणोपरांत पद्म विभूषण; देखें पूरी लिस्ट

सरकार ने पद्म पुरस्कारों के नामों का घोषणा की है। इसमें सीडीएस बिपिन रावत और यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्कार मिलेगा। पद्म पुरस्कारों में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद...

Gaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 25 Jan 2022 05:46 PM
share Share

सरकार ने पद्म पुरस्कारों के नामों का घोषणा की है। इसमें सीडीएस बिपिन रावत और यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्कार मिलेगा। पद्म पुरस्कारों में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद भी हैं, उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।

गणतंत्र दिवस पर सरकार की ओर से अपने क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ाने वाले लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इसमें पद्म विभूषण सम्मान के लिए चार नामों का चयन किया गया है। देश की रक्षा में कई बार अदम्य साहस दिखाने वाले जनरल बिपिन रावत को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। पिछले साल दिसंबर महीने में एक हवाई दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी। वे उस वक्त देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ पद पर थे।

 

वहीं, पद्म विभूषण पाने वालों में यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का भी नाम है। उन्हें ये पुरस्कार मरणोपरांत दिया जाएगा। इसके अलावा कला की श्रेणी में प्रभा आत्रे का भी नाम है। चौथा नाम राधे श्याम खेमका का नाम है, उन्हें शिक्षा के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। 

 

वहीं, भारत बायोटेक के संस्थापक कृष्णा एला और सुचित्रा एला के साथ-साथ सीरम इंस्टीट्यूट के एमडी साइरस पूनावाला को पद्म भूषण सम्मान देने का फैसला लिया है। भारत बायोटेक वर्षों से देश के लिए वैक्सीन बनाता रहा है। लेकिन कोरोना महामारी के दौरान भारत बायोटेक ने देश को पहली स्वदेशी कोरोना वैक्सीन के रूप में को-वैक्सीन दी थी। वहीं, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने कोविशील्ड का भारत में उत्पादन किया था। सीरम इंस्टीट्यूट न सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर के कई देशों में कोविशील्ड का उत्पादन कर चुका है। 

इसके अलावा गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला और टाटा संस के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।

नीरज चोपड़ा को पद्म श्री
पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में ट्रैक और फील्ड में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाकर गौरवांवित करने वाले नीरज चोपड़ा को सरकार ने पद्म श्री से सम्मानित करने का फैसला लिया है। अन्य प्रसिद्ध नामों में अनुभवी राजनेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और गीता प्रेस के अध्यक्ष राधेश्याम खेमका को मरणोपरांत भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।  प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका प्रभा अत्रे को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।

बुद्धदेब भट्टाचार्य ने सम्मान लेने से किया इनकार
वयोवृद्ध नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भाटाचार्य और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद को 'सार्वजनिक मामलों' की श्रेणी में पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। हालांकि बुद्धदेव भट्टाचार्य ने बयान जारी कर सम्मान ठुकरा दिया है।

पूर्व केंद्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि, जो बाद में भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (CAG)बने, पद्म भूषण से सम्मानित 17 नामों में शामिल हैं। पद्म भूषण सूची में अन्य लोगों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध पंजाबी लोक गायक गुरमीत बावा शामिल हैं, जिन्हें मरणोपरांत पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, तीन बार के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता विक्टर बनर्जी, विश्व स्तर पर प्रसिद्ध शेफ और खाद्य पत्रकार मधुर जाफरी, दो बार पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता देवेंद्र झाझरिया, भारतीय मूल के मैक्सिकन वैज्ञानिक संजय राजाराम (मरणोपरांत सम्मानित) और लेखक और समाज सुधारक स्वामी सच्चिदानंद भी पद्म भूषण पाने वालों की श्रेणी में हैं।

पद्म श्री पाने वाली हस्तियां
107 पद्म श्री पुरस्कार विजेताओं में लोकप्रिय बॉलीवुड गायक सोनू निगम भी हैं। विश्व के नंबर एक पैरा-भाला फेंक खिलाड़ी और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल, दुनिया के नंबर एक पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत, लेखिका और जामिया मिल्लिया इस्लामिया की पहली महिला कुलपति नजमा अख्तर, आगरा के प्रशंसित कथक नर्तकियों की जोड़ी कमलिनी अस्थाना और नलिनी अस्थाना, गढ़वाली लोक गायिका, संगीतकार और शिक्षक माधुरी बर्थवाल, पंजाबी हिंदी लेखक और शिक्षाविद हरमोहिंदर सिंह बेदी और 102 वर्षीय गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता शकुंतला चौधरी शामिल हैं।
 

यहां देखिए पूरी लिस्टः

 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें