Notification Icon
Hindi Newsदेश न्यूज़Before pran pratishtha of Ram temple President draupadi murmu wrote a letter to PM Modi - India Hindi News

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, किया महात्मा गांधी का जिक्र

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि देश का एक सपना साकार हो रहा है।

Ankit Ojha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSun, 21 Jan 2024 05:02 PM
share Share

अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अनुष्ठान के प्रमुख यजमान होंगे। प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर अयोध्या धाम की यात्रा पर शुभकामनाएं दी हैं। इसके अलावा उन्होंने इस पत्र में महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए राम नाम की महिमा का बखान किया है। 

राष्ट्रपति ने इस पत्र में लिखा, प्राण प्रतिष्ठा के लिए आप विधिवत तपश्चर्या कर रहे हैं। उस पावन परिसर में आपके द्वारा संपन्न की जाने वाली अर्चना से हमारी अद्वितीय सभ्यतागत यात्रा का एक ऐतिहासिक चरण पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा, हम सभी का सौभाग्य है कि हम सब अपने राष्ट्र के पुनरुत्थान के एक नए कालचक्र के शुभारंभ के साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने पत्र में लिखा कि प्रभु श्री राम द्वारा साहस, करुणा और अटूट कर्तव्यनिष्ठा की प्रतिष्ठा की गई थी उन्हें इस भव्य मंदिर के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा सकेगा। 

किया महात्मा गांधी का जिक्र
राष्ट्रपति ने पत्र में लिखा, गांधी जी ने बचपन से ही रामनाम का आश्रय लिया और उनकी अंतिम सांस तक रामनाम उनकी जिह्वा पर रहा। गांधी जी ने कहा था कि यद्यपि मेरी बुद्धि और ह्रदय ने बहुत पहले ही ईश्वर के सर्वोच्च गुण और नाम को सत्य रूप में अनुभव कर लिया था, मैं सत्य को राम के नाम से ही पहचानता हूं। मेरी अग्नि परीक्षा के सबसे कठिन दौर में राम का नाम ही मेरा रक्षक रहा है र अब भी वह नाम मेरी रक्षा कर रहा है। 

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को सुबह 10:25 पर अयोध्या पहुंचने वाले हैं। इसके बाद दोपहर 12 बजे के बाद प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। 12:30 मिनट पर प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान होगा और 12:45 तक यह कार्यक्रम संपन्न हो जाएगा। दोपहर 1 बजे से दो बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों को संबोधित करेंगे। भगवान राम की पूजा अर्चना और प्राण प्रतिष्ठा के पहले के अनुष्ठान 16 जनवरी से ही शुरू हो गए हैं। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें