सैन्य अधिकारियों के 7363 पद पिछले साल से खाली, सरकार ने लोकसभा में बताया
पिछले साल से भारतीय सेना में सैन्य अधिकारियों के 7 हजार से अधिक पद लंबित हैं। देश के रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में कहा।

देश के रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट का कहना है कि पिछले साल से भारतीय सेना में सैन्य अधिकारियों के 7 हजार से अधिक पद लंबित हैं। अजय भट्ट ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में कहा कि हालांकि यह आंकड़ा एक जनवरी 2022 को 7665 से गिरकर 15 दिसंबर 2022 को 7363 हो गया है।
सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद राम नाथ ठाकुर को जवाब देते हुए रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि 15 दिसंबर तक सैन्य नर्सिंग अधिकारियों की भूमिका में 511 रिक्तियां थीं, जो पिछले साल 1 जनवरी तक 471 थीं। जूनियर कमीशंड अधिकारियों/अन्य अधिकारियों के पदों के लिए रिक्तियां 15 दिसंबर तक 1,18,485 थीं, जो वर्ष के पहले दिन 1,08,685 थीं।
उत्तराखंड के उधमसिंह नगर से लोकसभा सांसद अजय भट्ट ने जानकारी दी कि भारतीय नौसेना में अधिकारियों की रिक्तियां (चिकित्सा और दंत चिकित्सा को छोड़कर) 31 दिसंबर 2021 को 1,557 से बढ़कर वर्ष-दर-वर्ष 1,653 हो गईं। नाविकों के लिए रिक्तियां 2021 के अंतिम माह 11,709 से घटकर इसी समय 10,746 रह गईं है।
वायु सेना में, पूरे 2022 में, अधिकारियों (चिकित्सा और दंत चिकित्सा को छोड़कर) के लिए रिक्तियां 1 जनवरी 2022 को 572 से बढ़कर 1 दिसंबर 2022 को 761 हो गईं। एयरमैन के लिए रिक्त पद 2022 के पहले दिन 6,227 से गिरकर 2,340 हो गए।
ये रिक्तियां भरी गई
उधर, भारतीय सेना में 2021 में 1,512 अधिकारी पदों के लिए रिक्तियां भरी गई। इसके बाद 2022 में 1,285 रिक्तियां भरी गईं। सेना में जूनियर कमीशंड अधिकारियों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया, जो 2021 में कोविड-19 के कारण रुकी हुई थी, 2022 में 19,065 जोड़ने के लिए फिर से शुरू हुई। नौसेना में, 2021 में 323 अधिकारियों की तुलना में पिछले वर्ष 386 अधिकारियों की भर्ती की गई थी। वहीं, वायु सेना में, पिछले साल 519 अधिकारियों को शामिल किया गया था, जो 2021 में 467 से अधिक था। जबकि 2021 में 4,609 एयरमैन की भर्ती की गई थी, जबकि 2022 में 423 रिक्तियां भरी गई थीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।