Notification Icon
Hindi Newsदेश न्यूज़Smriti irani latest news delhi cm face aap vs bjp arvind kejriwal

स्मृति ईरानी होंगी दिल्ली में भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा? अटकलों पर क्या बोलीं

स्मृति ईरानी ने कहा, ‘पिछले 10 चुनाव में गली नुक्कड़ के चुनाव में भी मेरा ही नाम आता है। मेयर के चुनाव में, विधायक के चुनाव में, विधानसभा के चुनाव में। ऐसा कोई चुनाव नहीं है, जहां पर मेरा नाम न आए। अब मैं इन बातों पर पूरी तरह से भरोसा नहीं करती हूं।’

Nisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तानThu, 29 Aug 2024 07:27 AM
share Share

भारतीय जनता पार्टी नेता और उत्तर प्रदेश के अमेठी से पूर्व सांसद स्मृति ईरानी लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार कैमरे के सामने खुलकर बात करतीं नजर आईं। इस दौरान उन्होंने चुनाव के नतीजों समेत कई मुद्दों पर भी बात की। इसी बीच दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे की अटकलों को लेकर भी सवाल पूछा गया।

यूट्यूब पर पोस्ट हुए एक पॉडकास्ट टॉप एंगल विद सुशांत सिन्हा में ईरानी ने कहा कि उनका नाम हर चुनाव में लिया जाने लगा है। साथ ही उन्होंने कहा कि अब वो इन बातों पर ज्यादा भरोसा नहीं करती हैं। 2024 लोकसभा चुनाव ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

क्या दिल्ली में भाजपा का सीएम चेहरा होंगी स्मृति ईरानी

ईरानी ने कहा, 'पिछले 10 चुनाव में गली नुक्कड़ के चुनाव में भी मेरा ही नाम आता है। मेयर के चुनाव में, विधायक के चुनाव में, विधानसभा के चुनाव में। ऐसा कोई चुनाव नहीं है, जहां पर मेरा नाम न आए। अब मैं इन बातों पर पूरी तरह से भरोसा नहीं करती हूं।' राजधानी दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर फरवरी 2025 में चुनाव हो सकते हैं।

हालांकि, उन्होंने दिल्ली के सीएम चेहरे को लेकर साफ जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, 'आपको अगर अपने देश, प्रदेश या समाज के लोगों की सेवा का मौका मिलता है, तो यह प्रिविलिज है। 140-145 करोड़ के देश में कितने लोग हैं, जो संसद जा पाते हैं। जो तीन बार संसद जा पाते हैं। 5-6 विभाग के मंत्री रह पाते हैं। जो भी मौका मिले वो प्रिविलिज है।'

उन्होंने कहा, 'संगठन में भी मैं 2 बार राष्ट्रीय मंत्री रही, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रही, युवा मोर्चा में उपाध्यक्ष रही। राष्ट्रीय कार्यकरिणी की 5 बार सदस्य रही। गडकरी साहब पहली बार महाराष्ट्र के अध्यक्ष बने, तब मैं सचिव थी। मैंने इतनी सेवा संगठन की सरकार की कर ली है कि अगर अब मौके को देखूं, तो सेवा के नजरिए से देखती हूं।'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें