रणवीर इलाहाबादिया की बढ़ती मुश्किलें, रूस ने Google पर क्यों ठोका जुर्माना; टॉप 5 न्यूज
- यूट्यूब शो विवाद में फंसे रणवीर इलाहाबादिया की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। असम और मुंबई पुलिस के बाद अब महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने भी इलाहाबादिया को समन भेजा है और 24 फरवरी को पूछताछ के लिए हाजिर होने को कहा है।

India's Got Latent शो में रणवीर इलाहाबादिया के बयान को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने रणवीर इलाहाबादिया को समन भेजा है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी में सैम पित्रोदा के बयान पर घमासान शुरू हो गया है।
देश-दुनिया की पांच बड़ी खबरें पढ़िए लाइव हिन्दुस्तान के साथ…
एक और एजेंसी ने भेजा समन, रणवीर इलाहाबादिया की बढ़ती जा रहीं मुश्किलें
यूट्यूब शो विवाद मामले में फंसे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रणवीर इलाहाबादिया की मुश्किलें दिन-ब दिन बढ़ती जा रही हैं। अब महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने इलाहाबादिया को समन भेजा है और 24 फरवरी को पूछताछ के लिए हाजिर होने को कहा है। अधिकारियों के मुताबिक, साइबर पुलिस ने ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो विवाद के संबंध में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया को 24 फरवरी को पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने को कहा है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इससे पहले साइबर अधिकारियों ने इलाहाबादिया को पुलिस के सामने पेश होने के लिए बुलाया था, लेकिन वह नहीं आया। अब पुलिस ने उसे जांच में शामिल होने के लिए 24 फरवरी को फिर से तलब किया है।’’ महाराष्ट्र साइबर पुलिस माता-पिता और यौन संबंधों को लेकर रणवीर इलाहाबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए दर्ज मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…
ऐसी बात से हमारा कोई मतलब नहीं; सैम पित्रोदा ने फंसाया तो बैकफुट पर कांग्रेस
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के नेता सैम पित्रोदा के बयान से मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस बैकफुट पर आ गई है। पित्रोदा के चीन संबंधी बयान से कांग्रेस ने खुद को अलग कर लिया है और कहा है कि यह पार्टी के विचार नहीं हैं। कांग्रेस महासचिव और मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीड़िया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पित्रोदा के विचार पार्टी के रुख को जाहिर नहीं करते हैं। उन्होंने लिखा है कि सैम पित्रोदा द्वारा चीन पर व्यक्त किए गए कथित विचार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विचार नहीं हैं। पढ़ें पूरी खबर…
पुतिन के सैनिक देख रहे थे ‘कैसे करें सरेंडर’, रूस ने Google पर ठोक दिया जुर्माना
पिछले साल अक्टूबर में Google पर ‘दुनिया की जीडीपी’ से भी ज्यादा जुर्माना लगाने के बाद अब रूस ने एक बार फिर कंपनी पर मोटा जुर्माना ठोक दिया है। रूस की TASS न्यूज एजेंसी ने सोमवार को बताया है कि एक रूसी कोर्ट ने YouTube पर आपत्तिजनक सामग्री होस्ट करने के आरोप में Google पर करीब 3.8 मिलियन रूबल यानी 41,530 डॉलर का जुर्माना लगाया है। न्यूज एजेंसी ने बताया कि यूट्यूब पर कुछ विडियोज में रूसी सैनिकों को आत्मसमर्पण करने का तरीका बताया जा रहा था। पढ़ें पूरी खबर…
राष्ट्रपति शासन ही लगा देते, यमुना की सफाई पर ऐसा क्यों बोली AAP
दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी यमुना की सफाई का मु्द्दा खूब जोर-शोर से उठाया था। इस मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल को घेरते हुए भाजपा ने वादा किया था कि सत्ता में आने पर साबरमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर यमुना रिवर फ्रंट बनाया जाएगा। ऐसे में अब भाजपा के चुनाव जीतने के बाद और सरकार गठन से पहले ही यमुना की सफाई का काम भी शुरू कर दिया गया है। कचरा निकलाने के लिए बड़ी-बड़ी मशीनें मंगवाई गई हैं। उपराज्यपाल कार्यालय ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि एलजी वीके स्कसेना ने मुख्य सचिव और एसीएस से मुलाकात कर उन्हें तुरंत काम शुरू करने के लिए कहा था। हालांकि अब इस मामले आम आदमी पार्टी ने निशाना साधा है औऱ कहा कि इससे अच्छा राष्ट्रपति शासन ही लग जाता। पढ़ें पूरी खबर…
इतनी अच्छी शुरुआत है...; चुनाव हारे अवध ओझा का ऐलान- राजनीति में रहूंगा
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की टिकट पर पटपड़गंज से चुनाव लड़ने वाले अवध ओझा को भाजपा उम्मीदवार रवि नेगी से हार का सामना करना पड़ा। रवि नेगी ने उन्हें 28072 वोटों से हराया लेकिन इसके बावजूद अवध ओझा इसे अच्छी शुरुआत बता रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने ऐलान कर दिया है कि वह राजनीति से पीछ नहीं हटेंगे। उन्होंने पटपड़गंज सीट पर हुई अपनी हार में भी अपनी चार बड़ी उपलब्धियां बता दी हैं। पढ़ें पूरी खबर…