अमेरिका से अमृतसर लैंड हुए 116 भारतीयों में से एक को पुलिस ने दबोचा, पॉक्सो एक्ट में है मुकदमा
- हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा निवासी युवक को पुलिस ने अमृतसर एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया। युवक की पहचान साहिल वर्मा के रूप में की गई है। उस पर छेड़छाड़ में मुकदमा दर्ज है।

अमेरिकी विमान से अवैध भारतीय प्रवासियों का दूसरा दल भी अमृतसर पहुंच गया है। 116 अवैध प्रवासियों का दल जैसे ही अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा, पुलिस टीम ने एक को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया युवक हरियाणा के कुरुक्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस को उसकी तीन साल से तलाश थी। उस पर पॉक्सो एक्ट के अलावा कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा निवासी युवक को पुलिस ने अमृतसर एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया। युवक की पहचान साहिल वर्मा के रूप में की गई है। उस पर छेड़छाड़ में पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। डिपोर्ट होकर जैसे ही साहिल वर्मा भारत पहुंचा तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर पॉक्सो एक्ट के अलावा आदर्श धारा 323, 341, 354, 354 डी, 506, 216 वी 120 बी के तहत पिहोवा थाने में मामला दर्ज है।
तीन साल पहले छेड़छाड़ का मुकदमा
आरोपी इस मामले से बचने की फिराक में भी अमेरिका भाग गया था। आरोपी साहिल वर्मा पर साल 2022 में मामला दर्ज हुआ था, जिसके एक हफ्ते बाद ही वह विदेश भाग गया था। पहले वह वियतनाम गया फिर 15 लाख रुपए खर्च कर इटली में दो साल तक रहा। वहां से वह 25 जनवरी को ही अमेरिका पहुंचा था, जहां अभी उसे कैंप में ही रखा गया था। आरोपी का एक भाई कई वर्षों से अमेरिका में ही रह रहा है। पॉक्सो एक्ट के मामले में आरोपी साहिल वर्मा के आने का पता चला तो पेहवा पुलिस के एसआई शमशेर सिंह की टीम ने उसे एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया।
बारात चढ़ने से पहले ही रेप का आरोप दूल्हा गिरफ्तार
वहीं, कुरुक्षेत्र जिले के पेहवा में ही एक अन्य मामले में पुलिस ने बारात चढ़ने से पहले दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। युवक गांव की ही 8वीं क्लास में पढ़ने वाली नाबालिग लड़की से लंबे समय से रेप करता आ रहा था। आरोपी की पहचान राजन उर्फ राजू के रूप में हुई है। वह लड़की के स्कूल में कॉमन सर्विस सेंटर चलाता है। आज उसकी शादी थी और शनिवार रात को घर पर हल्दी और मेहंदी की रस्में हो रही थीं। जब उसे हल्दी लगाई जा रही थी तो पिहोवा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी ने बताया है कि राजन उसके साथ कई बार रेप कर चुका है। किसी को यह बात बताने पर वह हर बार धमकी देता था। राजन के पास उसकी अश्लील वीडियो भी है। पिहोवा थाना के एसएचओ विक्रांत सिंह ने कहा कि आरोपी राजन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के साथ बीएनएस की धारा 351 (3) के साथ एफआईआर दर्ज की गई है। शनिवार रात ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
रिपोर्ट: मोनी देवी