'AAP के अस्तित्व पर खड़ा हुआ संकट', दिल्ली में बीजेपी की जीत के दुनिया भर में चर्चे
- रॉयटर्स ने चुनावी नतीजों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पार्टी के लिए ऐतिहासिक जीत करार दिया है। इस बात का भी जिक्र है कि कैसे भाजपा ने शासन, कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे पर चुनाव प्रचार केंद्रित रखा।

भारतीय जनता पार्टी 27 साल बाद दिल्ली में सरकार बनाने के लिए तैयार है। भगवा दल ने विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीटें जीतीं और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी को 22 सीटों पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस लगातार तीसरी बार अपना खाता नहीं खोल सकी। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी की शानदार जीत के दुनिया भर में चर्चे हैं। ग्लोबल मीडिया आउटलेट्स इसे भारत की राजधानी में प्रमुख राजनीतिक बदलाव के तौर पर देख रहे हैं।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने चुनावी नतीजों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पार्टी के लिए ऐतिहासिक जीत करार दिया है। इस बात का भी जिक्र है कि कैसे भाजपा ने शासन, कानून और व्यवस्था और बुनियादी ढांचे पर चुनाव प्रचार केंद्रित रखा। रिपोर्ट में कहा गया, 'यह जीत शहरी इलाकों में पार्टी की बढ़ती मजबूती को दर्शाती है। खासकर मध्यम वर्ग के वे मतदाताओं भाजपा के साथ आए हैं, जिन्होंने कभी आप का समर्थन किया था।'
‘बड़े पैमाने पर प्रभावित होगी राजनीति’
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ने बीजेपी की जीत को दिल्ली की सत्ता पर प्रमुख राजनीतिक वापसी बताया है। इसमें आप की गिरती लोकप्रियता और आंतरिक संघर्ष ने अहम भूमिका निभाई। कांग्रेस के वोट शेयर में मामूली वृद्धि हुई। इसके बावजूद, वह मुकाबले में दूर की खिलाड़ी बनी रही। फाइनेंशियल टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि कैसे ये नतीजे भारत की राजनीति को बड़े पैमाने पर प्रभावित कर सकते हैं। AAP को कभी एक मजबूत क्षेत्रीय ताकत के रूप में देखा जाता था, जो अब अस्तित्व के संकट का सामना कर रही है। इसमें कहा गया, 'दिल्ली आप का अहम गढ़ था। यहां मिली हार उसकी राष्ट्रीय महत्वाकांक्षाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है।'
दिल्ली के नतीजों पर बीबीसी ने क्या कहा
बीबीसी की रिपोर्ट में मौजूदा विधानसभा चुनाव को भाजपा और आप दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बताया गया। इसमें कहा गया कि भाजपा के लिए दिल्ली को जीतना सिर्फ चुनावी सफलता से कहीं अधिक है। इसके संदेश दूर तक जाएंगे। बता दें कि नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हरा दिया। वर्मा ने रविवार को कहा, 'यह केवल मेरी नहीं हम सभी की जीत है। सभी की मांग थी कि दिल्ली में एक अच्छी सरकार आए। दिल्ली के इतिहास में कल का दिन स्वर्णिम अक्षरों से लिखा जाएगा। हमारे सामने बहुत सारी चुनौतियां हैं। आने वाले 5 साल दिल्ली में बिना किसी राजनीति के केवल विकास होगा।'