मेहुल चोकसी की 2565 करोड़ की संपत्ति की होगी नीलामी, पीड़ितों को मिलेंगे पैसे; कोर्ट का फैसला
- मुंबई की एक स्पेशल अदालत ने मेहुल चोकसी की 2565 करोड़ की संपत्ति की नीलामी करवाने का आदेश दे दिया है। इससे मिलने वाला पैसा पीड़ितों को वापस किया जाएगा।

पीएनबी घोटाला मामले में मुंबई की स्पेशल कोर्ट ने भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी की 2565 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति को बेचने की अनुमति दे दी है। मेहुल चोकसी की संपत्ति बेचकर घोटाले से प्रभावित हुए लोगों को पैसा वापस किया जाएगा। ईडी लंबे समय से कोर्ट में यह प्रयास कर रही थी। मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के दौरान ईडी ने महुल चोकसी की संपत्ति सीज कर दी थी।
प्रभावित बैंकों और ईडी की याचिका पर कोर्ट ने यह फैसला सुनाया है। अब तक गीतांजलि जेम्स लिमिटेड से जुड़ी कई संपत्तियों को बेचकर 125 करोड़ रुपये लोगों को वापस भी किए जा चुके हैं। इसमें मुंबई के फ्लैट, दो फैक्ट्रियां और गोदाम शामिल थे। चोकसी और उसका भांजा नीरव मोदी 2018 में सामने आए पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी हैं।
भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम के अनुसार कोई भी व्यक्ति जिसके खिलाफ भारत की किसी अदालत द्वारा सूचीबद्ध अपराध पर वारंट जारी किया गया है और वह "आपराधिक अभियोजन से बचने के लिए देश छोड़ चुका है या विदेश में रहते हुए, आपराधिक अभियोजन का सामना करने के लिए देश लौटने से इनकार करता है" तो उसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया जा सकता है।
चोकसी और उसके भांजे नीरव मोदी को ईडी और केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा पीएनबी के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलीभगत करके 13,400 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में वांछित माना जा रहा है। नीरव मोदी को पहले ही भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया जा चुका है और वह 2019 से लंदन की जेल में है।