पड़ोसी ने किया रेप तो थाने पहुंची लड़की, फिर पुलिस वाले ने भी बनाया हवस का शिकार
- अपनी शिकायत में, मां ने थोनेपा पर आरोप लगाया कि उसने उसकी बेटी को नींद की गोलियों के साथ बीयर पिलाने के बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 30 साल की उम्र के एक पुलिस कांस्टेबल को नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यहां चौंकाने वाली बात ये है कि लड़की अपने पड़ोसी से बचने के लिए पुलिस थाने में मदद मांगने पहुंची थी। लेकिन बाद में कांस्टेबल ने उसी पड़ोसी के साथ मिलकर लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाया। इस घटना ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता पिछले दिसंबर में अपनी मां के साथ माइको लेआउट पुलिस स्टेशन पहुंची थी, ताकि अपने पड़ोसी विक्की के खिलाफ शिकायत दर्ज कर सके। विक्की ने कथित तौर पर शादी का झांसा देकर लड़की के साथ कई बार यौन शोषण किया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन इसी दौरान बोम्मनहल्ली पुलिस स्टेशन के कांस्टेबल अरुण थोनेपा ने पीड़िता को अपने जाल में फंसाया।
रिपोर्ट के मुताबिक, कांस्टेबल अरुण ने पीड़िता को 22 और 30 दिसंबर 2024 को एक होटल में ले जाकर नशीला पदार्थ मिली हुई ड्रिंक पिलाई और उसके साथ बलात्कार किया। इतना ही नहीं, उसने इस कृत्य को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
हाल ही में पीड़िता ने अपनी मां को इस दर्दनाक घटना के बारे में बताया। जब मां को पता चला कि पड़ोसी और कांस्टेबल दोनों ने ही उसकी बेटी के साथ बलात्कार किया है, तो उसने 13 फरवरी को दोनों के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसी दिन पड़ोसी विक्की (30) को गिरफ्तार कर लिया। इसके कुछ दिन बाद उन्होंने बोम्मनहल्ली पुलिस स्टेशन से जुड़े कांस्टेबल अरुण थोनेपा को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज (पॉक्सो) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थोनेपा शादीशुदा है और उसका एक नाबालिग बेटा भी है। उसके खिलाफ शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद वह शहर से भाग गया था। अपनी शिकायत में, मां ने थोनेपा पर आरोप लगाया कि उसने उसकी बेटी को नींद की गोलियों के साथ बीयर पिलाने के बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। फिलहाल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना ने शहर में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। यह घटना उस समय सामने आई है जब बेंगलुरु में हाल के दिनों में यौन अपराधों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, इस साल जनवरी में ही 65 बलात्कार के मामले दर्ज किए गए थे।