कित्तूर रानी चेनम्मा जैसी हैं प्रियंका गांधी, खरगे ने क्यों बताया 'स्त्री शक्ति'; राहुल को 'युवा शक्ति'
कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल तथा गांधी और अंबेडकर के बीच मतभेदों का आरोप लगाकर खेल खेलने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोकसभा सांसद और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को 'स्त्री शक्ति' और राहुल गांधी को 'युवा शक्ति' करार दिया है। कर्नाटक के बेलगावी में पार्टी के अधिवेशन को संबोधित करते हुए खरगे ने प्रियंका गांधी की तुलना कित्तूर रानी चेन्नम्मा और 'झांसी की रानी' लक्ष्मी बाई से की जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाइयां लड़ी थी।
'गांधी भारत' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने बेलगावी में आयोजित एकमात्र कांग्रेस अधिवेशन का शताब्दी वर्ष मनाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया है। 1924 में बंलगावी में कांग्रेस का अधिवेशन हुआ था, जिसकी अध्यक्षता महात्मा गांधी ने पार्टी के अध्यक्ष के रूप में की थी। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में अगर कोई 'झांसी की रानी' है, तो वह प्रियंका गांधी हैं। चेनम्मा भी कोई है तो वह प्रियंका गांधी हैं। वह बहुत मजबूत हैं। उन्होंने राजीव गांधी की हत्या के बाद परिवार को स्थिर किया। इससे आगे खरगे ने कहा कि हमारे पास स्त्री शक्ति (प्रियंका गांधी में) और 'युवा शक्ति' (राहुल गांधी) दोनों हैं।
'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा गया था, जिन्होंने हाल ही में राज्यसभा में भारतीय संविधान और इसके निर्माता बी आर आंबेडकर का कथित तौर पर अपमान किया था। खरगे ने कहा कि शाह ने संविधान निर्माता बी आर आंबेडकर का अपमान किया है और इस आरोप को "झूठ" बताकर खारिज कर रहे हैं।
खरगे ने इस दौरान बेलगावी में दिए गए महात्मा गांधी के प्रसिद्ध बयान को भी याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था, "मैं जिंदा रहना चाहता हूं मैं भारत के लिए, मरना चाहता हूँ भारत के लिए।" उन्होंने दावा किया कि गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर के शिष्य थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह की इस बात के लिए आलोचना की और कहा कि दोनों नेता महात्मा गांधी के प्रति सम्मान तो दिखाते हैं, लेकिन असल में वे गोडसे की पूजा करते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल तथा गांधी और अंबेडकर के बीच मतभेदों का आरोप लगाकर "खेल खेलने" का भी आरोप लगाया। भाजपा के इस दावे का कि कांग्रेस ने गांधी का अपमान किया और अंबेडकर की हार सुनिश्चित की, उन्होंने जनता को एक पत्र दिखाया, जिसके बारे में उन्होंने दावा किया कि यह चिट्ठी आंबेडकर ने अपने मित्र कमलाकांत को लिखा था, जिसमें उन्होंने उल्लेख किया था कि सावरकर और एस ए डांगे उनकी हार के लिए जिम्मेदार थे।
खरगे ने कहा, "भाजपा आज आंबेडकर का नाम जपती रहती है और संविधान के सामने सिर झुकाती है। यह क्या ड्रामा है? अगर किसी ने संविधान, आंबेडकर और नेहरू की मूर्तियां तोड़ी हैं तो वह भाजपा, आरएसएस और हिंदू महासभा है।" कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी ही वह पुरानी पार्टी है जिसने आंबेडकर को चुनाव जीतने में मदद की थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरएसएस विश्वविद्यालयों में दलितों और पिछड़े समुदाय के छात्रों को "परेशान" कर रहा है, जबकि सरकारी नौकरियों में दलितों को रोक रहा है।