Notification Icon
Hindi Newsमहाराष्ट्र न्यूज़Chhatrapati Shivaji Maharaj statue collapsed suddenly Rajkot Fort Sindhudurg Maharashtra

महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी की 35 फुट ऊंची प्रतिमा ढही, पीएम मोदी ने पिछले साल किया था उद्घाटन

  • घटनास्थल का दौरा करने वाले विधायक वैभव नाइक ने इस घटना पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि इसके उद्घाटन के 8 महीने के भीतर ही छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढह गई।

Niteesh Kumar भाषाMon, 26 Aug 2024 02:37 PM
share Share

महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में समुद्र तट पर राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की आदमकद प्रतिमा यह अचानक ढह गई। बताया जा रहा है कि कोंकण क्षेत्र में तटीय जिले के मालवन शहर में घटिया निर्माण कार्य के कारण यह घटना हुई। इस प्रतिमा का उद्घाटन पिछले साल के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ी धूमधाम से किया था। प्रतिमा के ढहने से सिंधुदुर्ग जिले के शिव प्रेमियों में गुस्से की लहर फैल गई। मालवन तहसील के राजकोट में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा 35 फीट ऊंची थी। पीएम मोदी ने वार्षिक नौसेना दिवस समारोह के अवसर पर 4 दिसंबर, 2023 को एक समारोह में उद्घाटन किया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, निर्माण की खराब गुणवत्ता के कारण सोमवार दोपहर अचानक शिवाजी की प्रतिमा ढह गई। महज 8 महीने में प्रतिमा के ढहने से जिले के शिवप्रेमियों में गुस्से की लहर है। वे लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए और आरोप लगाया कि यह घटिया निर्माण कार्य के कारण गिरी है। राज्य पीडब्ल्यूडी विभाग ने प्रतिमा के आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। मालवन की तहसीलदार वर्षा जाल्टे बाकी सरकारी अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर हैं। उन्होंने नौसेना को घटना के बारे में सूचित किया है।

सीएम एकनाथ शिंदे का मांगा जा रहा इस्तीफा

इस बीच, घटनास्थल का दौरा करने वाले विधायक वैभव नाइक ने इस घटना पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि इसके उद्घाटन के 8 महीने के भीतर ही छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढह गई। उन्होंने घटना की जांच कराने की मांग की। सावंतवाड़ी के पूर्व नागरिक अध्यक्ष प्रेमानंद सालगांवकर ने मांग की कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को नैतिक आधार पर पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। बताया जा रहा है कि विशेषज्ञ प्रतिमा के ढहने के वास्तविक कारण का पता लगाएंगे। यह जरूर है कि जिले में बीते दो-तीन दिनों में भारी बारिश हुई है और तेज हवाएं चली हैं। पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे और क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें